
सिलचर, 28 अगस्त . असम के सिलचर में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में याबा टैबलेट और हेरोइन जब्त की है. यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई.
पुलिस के मुताबिक, खास जानकारी मिलने पर सिलचर पुलिस ने शहर में दो अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. पहले ऑपरेशन में पुलिस की एक टीम ने सिलचर पुलिस स्टेशन के तहत रंगपुर पार्ट-1 इलाके में हमीदा बेगम के घर पर छापा मारा. तलाशी के दौरान घर से 8,000 संदिग्ध याबा टैबलेट और लगभग 739 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद हुई. हेरोइन को 14 साबुन के डिब्बों में छिपाकर रखा गया था.
दूसरे ऑपरेशन में पुलिस की दूसरी टीम ने सिलचर के वॉटर वर्क्स रोड इलाके में सीमा बेगम लस्कर के घर की तलाशी ली. वहां से अधिकारियों को साबुन के डिब्बे में पैक 7.21 ग्राम संदिग्ध हेरोइन और 88 छोटी शीशियों में रखी 2.46 ग्राम हेरोइन मिली. इस तरह इस ठिकाने से कुल 9.67 ग्राम हेरोइन बरामद की गई.
पुलिस ने दोनों जगहों से नशे के सामान के अलावा कई खाली शीशियां, काले पॉलीथीन बैग और पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान भी जब्त किए हैं. आशंका है कि आरोपी इन सामानों का इस्तेमाल नशीले पदार्थों को छोटी मात्रा में बांटकर बेचने के लिए करते थे.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस बड़ी बरामदगी के बाद दोनों इलाकों में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि बरामद की गई हेरोइन और याबा टैबलेट की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपए आंकी जा रही है. शुरुआती जांच में यह ड्रग्स तस्करी का बड़ा नेटवर्क होने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह सामान कहां से लाया गया था और कहां सप्लाई किया जाना था.
असम पुलिस ने हाल के महीनों में ड्रग्स के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है. राज्य में लगातार हो रही कार्रवाई के बावजूद तस्कर नए-नए तरीकों से ड्रग्स की खेप छिपाकर ला रहे हैं. सिलचर पुलिस ने कहा कि ड्रग्स के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.
–
एससीएच/एबीएम