किश्तवाड़: एसओपी हत्या मामले में वांछित आतंकवादियों के पोस्टर जारी, 30 लाख रुपए के इनाम की घोषणा

जम्मू, 13 नवंबर . जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले की पुलिस ने शुक्रवार को आतंकवादियों द्वारा दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसओपी) की हत्या के बाद वांछित आतंकियों के पोस्टर जारी किए. पुलिस ने इन आतंकवादियों की जानकारी देने वाले के लिए 30 लाख रुपए का इनाम देने की घोषणा की है.

किश्तवाड़ जिला पुलिस ने पोस्टर जारी कर उनकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने वाले को नकद इनाम देने की घोषणा की है. इन आतंकवादियों की पहचान मोहम्मद अमीन उर्फ ​​जहांगीर, रियाज अहमद उर्फ ​​हजारी और मुदस्सिर हुसैन के रूप में हुई है.

यह घोषणा तब की गई है, जब गुरुवार सुबह किश्तवाड़ में एसओपी बाबी चंद और रशपाल कुमार के गोलियों से छलनी शव मिले. ये दोनों बुधवार से लापता थे. पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अगर उन्हें इन आतंकवादियों के ठिकाने के बारे में कोई जानकारी हो, तो वे साझा करें.

लोग फोन नंबर 9797900958 और 1995357494 पर संपर्क कर सकते हैं. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जानकारी देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी.

किश्तवाड़ में एसओपी की हत्या की यह घटना, कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए एक अन्य आतंकवादी हमले के 24 घंटे के भीतर ही हुई है. उस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए थे. गंभीर रूप से घायल सीआरपीएफ के एक जवान को एयरलिफ्ट करके श्रीनगर शहर के बादामी बाग छावनी इलाके में स्थित सेना के 92 बेस अस्पताल ले जाया गया.

आतंकवादी हमले के तुरंत बाद, संयुक्त सुरक्षा बलों ने कुलगाम हमले में शामिल दो आतंकवादियों को खोजने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया.

हमलावरों का पता लगाने के लिए कुलगाम और आसपास के जिलों में विशेष नाके और बैरिकेड लगाए गए हैं. अधिकारियों ने बताया कि संयुक्त सुरक्षा बल आतंकवादियों को पकड़ने के लिए मानवीय और तकनीकी, दोनों तरह के सबूतों का इस्तेमाल कर रहे हैं.

इन आतंकवादी हमलों के बाद, केंद्र शासित प्रदेश से आतंकवाद खत्म होने के सरकारी दावों की आलोचना हो रही है. पूर्व मुख्यमंत्री और सत्ताधारी नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि किसी को नहीं पता कि अगला आतंकवादी हमला कहां होगा. उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद आतंकवाद खत्म हो जाने के दावे गलत साबित हो रहे हैं.

–

एएसएच/डीकेपी