गुरुग्राम हिट-एंड-रन मामले पर बोले कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा, सुरक्षा कहां है?

नई दिल्ली, 15 सितंबर . गुरुग्राम में हुए हिट-एंड-रन मामले को लेकर कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने हरियाणा सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर दिल्ली के आसपास ही सुरक्षा व्यवस्था का यह हाल है तो फिर सुरक्षा कहां है.

नई दिल्ली में से बातचीत में कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि जिस स्थान पर यह घटना हुई है, वह नेशनल कैपिटल रीजन (एनसीआर) का हिस्सा माना जाता है. यह घटना उस समय हुई, जब ब्रिक्स शिखर सम्मेलन चल रहा था और पूरी पुलिस फोर्स तथा सुरक्षा व्यवस्था सड़कों पर तैनात थी. राष्ट्रीय राजधानी के आसपास यह हाल है. देश में सुरक्षा की स्थिति के बारे में और क्या कहा जा सकता है.

राजस्थान के निकाय चुनावों में भाजपा की जीत पर कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि अगर शहरी इलाकों में भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस से बस कुछ प्रतिशत ही आगे है तो ग्रामीण इलाकों में क्या स्थिति होगी. आज राजस्थान में चुनाव करवाकर देख लीजिए, भाजपा की हालत खराब है. पाली, अजमेर, जोधपुर और कोटा को देखिए. अगर भरतपुर की बात करें तो वहां एक निर्दलीय उम्मीदवार जीता, भाजपा नहीं जीती. जयपुर में हमारे वोट ज्यादा हैं. उन्होंने परिसीमन किया और कांग्रेस के सभी मजबूत गढ़ों को एक साथ मिला दिया, जिससे ऐसे कई वार्ड बने, जिनमें हर एक में करीब 3,000 मतदाता थे. इन सबके बावजूद जयपुर की स्थिति देख लीजिए.

महंगाई को लेकर पवन खेड़ा ने कहा कि आम जनता पर महंगाई की मार पड़ रही है और इसे जीडीपी के आंकड़े दिखाकर नहीं छिपाया जा सकता.

ब्रिक्स सम्मेलन के बाद चीन द्वारा एलएसी पर सेना की तैनाती कम किए जाने से जुड़ी खबरों को लेकर पवन खेड़ा ने सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने अपनी बात दोहराते हुए पूछा कि क्या सरकार ने ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान चीन के सामने यह सवाल उठाया कि उसने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान की मदद की थी. अगर सवाल नहीं उठाया तो क्यों नहीं उठाया. उन्होंने कहा कि मैं पूछना चाहता हूं कि आपको चीन की तारीफ चाहिए या फिर देश की सीमाओं की सुरक्षा चाहिए.

डीकेएम/डीकेपी