झारखंड के धनबाद में रक्षाबंधन के दिन तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत

धनबाद, 28 अगस्त . झारखंड के धनबाद जिले में रक्षाबंधन के दिन एक दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई. हादसा शुक्रवार को तोपचांची थाना क्षेत्र के रंगलीटांड़ गांव में हुआ.

मृतकों में दो बच्चियां और एक बच्चा शामिल हैं. घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों के अनुसार, रंगलीटांड़ के तीन बच्चे, रलझल, कुंदरो और आभा, शुक्रवार को गांव के पास स्थित तालाब में नहाने गए थे. इस दौरान एक बच्ची तालाब के गहरे हिस्से में चली गई और डूबने लगी. उसे डूबता देख दोनों अन्य बच्चों ने उसे बचाने की कोशिश की.

इस दौरान वे भी गहरे पानी में चले गए. तालाब के पास मौजूद ग्रामीण बच्चों को डूबता देख दौड़े, लेकिन इसके पहले तीनों बच्चे पानी में डूब गए. ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया. स्थानीय गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला.

इसके बाद तीनों को धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया. अस्पताल में बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई.

रक्षाबंधन के त्योहार की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं. बताया गया है कि तीनों बच्चे अक्सर इसी तालाब में नहाने जाते थे. घटना की सूचना मिलने के बाद तोपचांची थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. तीनों के शवों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है. तीन बच्चों की एक साथ मौत से पूरे गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर है.

एसएनसी/डीएससी