
मुंबई, 15 नवंबर . बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड सितारों की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है. कम से कम दो बड़े बॉलीवुड सितारों की सुरक्षा बढ़ाकर वाई-प्लस कैटेगरी कर दी गई है. इनमें एक अभिनेता की सुरक्षा एक्स से बढ़ाकर वाई-प्लस और दूसरे की वाई कैटेगरी से बढ़ाकर वाई-प्लस की गई है.
मुंबई पुलिस के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद यह फैसला किया गया है. पुलिस ने सुरक्षा कारणों से उन दोनों सितारों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं.
मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “सुरक्षा का स्तर संबंधित व्यक्ति को मिलने वाली धमकी और खतरे के आकलन के आधार पर तय किया जाता है. कई मामलों में सुरक्षा कैटेगरी बदले बिना अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए जाते हैं. बॉलीवुड सितारों की सुरक्षा को लेकर चल रही समीक्षा अभी पूरी नहीं हुई है.”
मुंबई पुलिस और दूसरी सुरक्षा एजेंसियां बॉलीवुड सितारों को मिल रही धमकियों और उनकी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रही हैं. सुरक्षा समीक्षा अभी जारी है और इसके निष्कर्षों के आधार पर आगे भी सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है.
सुरक्षा व्यवस्था की इस समीक्षा में सिर्फ उन कलाकारों को शामिल नहीं किया गया है, जिन्हें सीधे धमकियां मिली हैं, बल्कि उन सितारों को भी सुरक्षा दी जा रही है, जिनकी कुछ ऐसे कलाकारों से नजदीकी है जो गैंग के निशाने पर बताए जा रहे हैं. कुछ कलाकारों के परिवार के सदस्यों को भी ‘एक्स कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है.
रिपोर्ट के मुताबिक, बॉलीवुड सितारों को मुंबई से बाहर यात्रा करने से पहले अपना प्रस्तावित रूट पुलिस के साथ साझा करने के लिए कहा गया है. जिस जगह पर उन्हें जाना है, वहां पहले से सुरक्षा जांच यानी डेस्टिनेशन सैनिटाइजेशन भी किया जाएगा. संबंधित पुलिस स्टेशन को भी अलर्ट किया जाएगा, ताकि कलाकार के उस इलाके में रहने तक जरूरी सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सके.
मुंबई पुलिस के सूत्रों के अनुसार, टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के बाद से ही पुलिस अलर्ट पर है. घटना की जांच के साथ-साथ उन सभी कलाकारों की थ्रेट प्रोफाइल तैयार की जा रही है, जिन्हें हाल के दिनों में किसी तरह की धमकी मिली है या जिनका नाम किसी गैंग की हिट लिस्ट में होने की आशंका है.
पुलिस का कहना है कि वाई-प्लस कैटेगरी की सुरक्षा में 11 सुरक्षाकर्मी तैनात होते हैं, जिनमें कमांडो भी शामिल होते हैं.
–
एससीएच/वीसी