दिल्ली के राजघाट पहुंचे लिकटेंस्टीन के युवराज एलोइस, महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 27 अक्टूबर . लिकटेंस्टीन के युवराज एलोइस ने मंगलवार को नई दिल्ली के राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की. साथ ही, हैदराबाद हाउस में लिकटेंस्टीन के युवराज एलोइस और प्रिंसेस सोफिया से मुलाकात की.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर पोस्‍ट में लिखा, ”लिकटेंस्टीन के आनुवंशिक राजकुमार (हेरेडिटरी प्रिंस) एलोइस ने नई दिल्ली के राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की. अहिंसा और शांति की गांधीजी की स्थायी विरासत आज भी पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक बनी हुई है.”

इससे पहले नई द‍िल्‍ली के हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिकटेंस्टीन के युवराज एलोइस और प्रिंसेस सोफिया से मुलाकात की. बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और प्रिंस एलोइस ने व्यापार और निवेश, विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार तथा लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की. दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया.

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी प्रिंस एलोइस से मुलाकात की और भारत तथा लिकटेंस्टीन के रिश्तों के साथ-साथ भारत-ईएफटीए (ईएफटीए) व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौते (टीईपपीए) के तहत उभर रहे नए अवसरों पर चर्चा की.

जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर लिखा, “लिकटेंस्टीन के युवराज एलोइस की भारत यात्रा के दौरान उनसे मुलाकात करके खुशी हुई. भारत और लिकटेंस्टीन के बीच साझेदारी कई क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रही है और इसमें भारत-ईएफटीए, टीईपीए से मिलने वाले अवसर अहम भूमिका निभा रहे हैं.”

मंगलवार सुबह प्रिंस एलोइस का राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में औपचारिक स्वागत किया गया. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री मोदी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. प्रिंस एलोइस ने कहा कि भारत की राजकीय यात्रा पर आना उनके लिए सम्मान की बात है. उन्होंने कहा कि लिकटेंस्टीन भारत के साथ अपने संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, “इस अद्भुत देश की पहली राजकीय यात्रा के अवसर पर भारत आकर मैं बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं.” उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक यात्रा भारत के साथ रिश्तों को लेकर लिकटेंस्टीन की गंभीरता और महत्व को दर्शाती है.

–

एवाई/पीएम