दिल्ली पुलिस ने बुराड़ी में महिला की पीट-पीटकर हत्या करने के आरोपी को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली, 14 नवंबर . दिल्ली पुलिस ने बुराड़ी इलाके में महिला की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने महिला के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की थी और इसी दौरान उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी. फिलहाल, पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.

दिल्ली पुलिस से जुड़े सूत्रों के अनुसार, पुलिस को आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसको महिला दिखी थी, जिसके बाद वह गलत काम करने के इरादे से उसके पास गया था. नाकाम रहने पर आरोपी ने पीट-पीटकर उसकी हत्या की थी. आरोप है कि उसने महिला के सिर पर कई बार पत्थर से वार किए.

महिला का शव मंगलवार को बरामद किया गया था. पुलिस ने अपने बयान में कहा कि शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था. अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच चल रही है.

इससे पहले, शुक्रवार को दिल्ली के खजूरी खास थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया. मृतक महिला की पहचान 35 से 40 साल की रीना के रूप में हुई. घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया.

परिजनों का आरोप है कि राम कुमार नाम के एक शख्स ने रात के समय फोन करके रीना को अपने पास बुलाया था. आरोप है कि रीना उसके पास पहुंची, लेकिन अगली सुबह उसकी लाश इलाके में बरामद हुई. परिजनों ने इस पूरे मामले में राम कुमार की भूमिका पर सवाल उठाए. परिवार ने यह भी दावा किया कि इस मामले में पुलिस ने राम कुमार को गिरफ्तार कर लिया है.

अभी खजूरी खास थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है.

–

डीसीएच/