नई दिल्ली: बारापुला फेज 3 फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूरा, 29 सितंबर को गृह मंत्री अमित शाह करेंगे उद्घाटन

नई दिल्ली, 19 सितंबर . दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने शनिवार को घोषणा की कि मयूर विहार बारापुला फेज 3 फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूरा हो गया है. 29 सितंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह इसका उद्घाटन करेंगे.

से बातचीत करते हुए प्रवेश साहिब सिंह ने कहा, “बहुत खुशी का अवसर है कि यह प्रोजेक्ट काफी देरी से चल रहा था. क्योंकि पिछली सरकार ने क्लियरेंस नहीं ली थी. जिससे इसमें काफी समस्या थी. सरकार बनते ही जब मैंने आकर देखा तो हमें बताया गया कि पिछली सरकार का कोई भी प्रतिनिधि यहां नहीं आया था. हमने मुख्यमंत्री से बात करके इसको प्राथमिकता पर लिया. मैंने पिछले वर्ष ही कहा था कि 2026 के मध्य में इसको पूरा कर दिया जाएगा. अब हम लोगों ने इसको पूरा करके दिखाया है.”

प्रवेश साहिब सिंह ने कहा, “29 तारीख को गृह मंत्री अमित शाह इसका उद्घाटन करेंगे और अगले दिन से दिल्ली के लाखों लोगों के लिए समर्पित हो जाएगा. यह देश का पहला ऐसा फ्लाईओवर है कि जहां पर साइकिल ट्रैक और पैदल चलने की व्यवस्था की गई है. यह फ्लाईओवर यमुना नहीं के ऊपर बना है. यह एक तरह से यमुना रिवरफ्रंट का भी काम करेगा. पूरी यमुना मईया दिखाई दे रही हैं और हराभरा दिखाई दे रहा है. हजारों लोग अभी से यहां आकर सैर करना शुरू कर दिए हैं.”

प्रवेश साहिब सिंह ने आगे कहा, “लोगों को काफी आनंद आने वाला है. पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पिछली सरकार तो कोई काम ही नहीं करती थी. जिसकी वजह से इसकी लागत भी बढ़ गई और कंपनी को ज्यादा पैसा भी देना पड़ा. जो प्रोजेक्ट तीन वर्ष में बनना था, उसको बनने में 10 वर्ष लग गए. यह पिछली सरकार की नाकामियां रहीं.”

इससे पहले प्रवेश साहिब सिंह ने 26 मई को बारापुला फ्लाईओवर के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया था. तब उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा था कि जब हमारी सरकार सत्ता में आई थी तो 20 फरवरी को शपथ लेने के बाद हम तुरंत इस रुके हुए प्रोजेक्ट को देखने गए थे. प्रवेश साहिब सिंह ने कहा था कि इसके बाद से हर हफ्ते मेरे कार्यालय से इसे फॉलो किया गया. मैंने पहले भी कहा था कि 30 जून तक इस काम को खत्म कर देंगे. हमारा काम बिल्कुल समय से चल रहा है और यह 30 जून को समय से पूरा हो जाएगा.

एसडी/एएस