न्यूजीलैंड के क्रिकेट फैंस के बीच रोहित और विराट को देखने का आकर्षण है: जेम्स पैमेंट

नई दिल्ली, 23 अक्टूबर . भारतीय क्रिकेट टीम 5 टी20, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए न्यूजीलैंड के दौरे पर है. रोहित शर्मा और विराट कोहली वनडे सीरीज का हिस्सा हैं. ऐसे में वनडे सीरीज को लेकर न्यूजीलैंड क्रिकेट फैंस के बीच उत्साह ज्यादा है.

न्यूजीलैंड के पूर्व सहायक कोच और मुंबई इंडियंस के फील्डिंग कोच रह चुके जेम्स पैमेंट ने कहा है कि रोहित और विराट का आकर्षण बहुत ज्यादा है. इस वजह से वनडे सीरीज को लेकर फैंस के बीच रोमांच ज्यादा है.

जेम्स पैमेंट ने से खास बातचीत में कहा, “मुझे ऐसा लगता है कि न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका की कंडीशन काफी समान हैं. डरबन, पोर्ट एलिजाबेथ (अब गकेबरहा) और न्यूलैंड्स जैसे मैदान न्यूजीलैंड की कंडीशन से काफी मिलते-जुलते हैं. ऐसे मैदान ही भारतीय खिलाड़ियों को पांच वनडे मैचों की सीरीज में मिलेंगे.”

उन्होंने कहा, “न्यूजीलैंड के क्रिकेट फैंस और दुनियाभर के क्रिकेट फैंस शायद रोहित और विराट को न्यूजीलैंड में आखिरी बार देखने जा रहे हैं. यह अविश्वसनीय है. वनडे सीरीज के दौरान स्टेडियम हाउसफुल होगा. यह उन दोनों जैसे वर्ल्ड-क्लास खिलाड़ियों को देखने का आकर्षण है. देखना होगा कि न्यूजीलैंड में हमारे लड़के इन खिलाड़ियों का कैसे मुकाबला करते हैं. हमने घर पर बहुत अच्छा वनडे क्रिकेट खेला है.”

वनडे सीरीज को लेकर पैमेंट ने कहा, “न्यूजीलैंड क्रिकेट के लिए यह बहुत जरूरी सीरीज है. 12 मैचों के लिए भारत की मेजबानी कर पाना आर्थिक रूप से बेहद फायदेमंद है. न्यूजीलैंड क्रिकेट को पिछले साल 7 मिलियन डॉलर का नुकसान हुआ था. इस सीरीज से उनके बोर्ड को आर्थिक रूप से मजबूती मिलेगी. सीरीज के सभी मैचों के टिकट बिक जाने की पूरी उम्मीद है.”

उन्होंने कहा, “न्यूजीलैंड में भारतीय मूल के बहुत से लोग रहते हैं. निश्चित रूप से वे अपने क्रिकेट स्टार्स को देखने के लिए स्टेडियम में आएंगे. ऐसे में मैचों के दौरान रिकॉर्ड संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है.”

–

पीएके