पंजाब: भगवंत मान के काफिले का सामने अंडे-टमाटर लेकर पहुंचे रवनीत बिट्टू, पुलिस ने हिरासत में लिया

लुधियाना, 19 सितंबर . पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू अपने काफिले पर हुए हमले के एक दिन बाद शनिवार को लुधियाना में मुख्यमंत्री भगवंत मान का विरोध करने के लिए पहुंचे. काफी देर हंगामे के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया.

रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने समर्थकों के साथ लुधियाना में पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (पीएयू) गेट के पास विरोध प्रदर्शन किया. इसी दौरान, वहां से मुख्यमंत्री भगवंत मान का काफिला गुजर रहा था. बिट्टू अपने हाथों में टमाटर, अंडे और एक छोटी बोतल में शराब लेकर प्रदर्शन करते नजर आए.

मुख्यमंत्री भगवंत मान को लुधियाना में एक कार्यक्रम में शामिल होना था.मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने रवनीत बिट्टू और उनके समर्थकों को भगवंत मान के काफिले की ओर बढ़ने से रोका. इसी बीच बिट्टू ने उनके काफिले के दौरान उन्हें टमाटर और शराब की बोतलें दिखाईं. काफी देर हंगामा होता रहा और सीएम मान का काफिला गुजर जाने के बाद बिट्टू को पुलिस ने हिरासत में ले लिया.

भाजपा नेता बिट्टू ने कहा कि उन्होंने यह सब (अंडे-टमाटर) उन तक पहुंचाने की कोशिश की है. बिट्टू ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता दूसरे राज्यों में भी आम आदमी पार्टी के नेताओं का विरोध करेंगे.

अपने खिलाफ दर्ज केस को लेकर उन्होंने कहा कि बेशक यह केस उनके खिलाफ दर्ज है, वह डरने वाले नहीं हैं. इसके साथ ही, उन्होंने कहा कि बेशक शुक्रवार को एक धार्मिक कार्यक्रम की आड़ में उन पर हमला करने की कोशिश की गई थी. लेकिन अगर उनके खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं हुआ है, तो हमारे खिलाफ क्यों दर्ज होगा.

इससे पहले, शुक्रवार को बटाला में रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले पर हमला हुआ. कुछ लोगों ने उनके काफिले पर अंडे और टमाटर फेंके. इस हमले के बाद बिट्टू ने आम आदमी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए और तीन हमलावरों को पकड़ने का दावा किया.

बिट्टू शुक्रवार को ड्रग्स के खिलाफ भाजपा की यात्रा में शामिल होने के लिए जा रहे थे. इसी बीच बटाला के घासीतपुर गांव के पास उनके काफिले पर हमला हुआ. कई लोगों ने अंडे और टमाटर फेंके. बिट्टू ने दावा किया कि इस हमले में उनकी गाड़ी के शीशे भी टूटे. उनमें से कुछ के पास हथियार भी थे.

–

डीसीएच/