
नई दिल्ली, 12 नवंबर . इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दीपावली और नए साल की शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया है. पित्रोदा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “शुभकामनाओं के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद, नरेंद्र भाई. हम भी आपको शुभकामनाएं देते हैं और आपके आने वाले वर्षों के स्वस्थ रहने की कामना करते हैं. सैम और अंजना.”
इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा को दीपावली और नए साल की शुभकामनाएं दी हैं. पीएम मोदी ने की ‘एक्स’ पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए यह बात लिखी.
पीएम मोदी ने लिखा, “आपको सैम भाई और अंजना बेन को दीपावली और नूतन वर्ष की शुभकामनाएं. आने वाले आनंदमय और स्वस्थ वर्ष के लिए प्रार्थना. जय जगन्नाथ.” पीएम मोदी के इस पोस्ट के बाद सियासी हलकों में भी चर्चा शुरू हो गई. दोनों नेताओं के बीच इस आत्मीय संवाद को लोगों ने सकारात्मक रूप से देखा.
दरअसल, न्यूज एजेंसी के साथ विशेष बातचीत में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कुशल वक्ता और मेहनती इंसान बताया है. उन्होंने कहा कि भले ही उनके बीच वैचारिक मतभेद हों, लेकिन वो मानते हैं कि उनके गुजराती मित्र बहुत सहृदयी हैं.
पित्रोदा ने कहा, “वे मेरे गुजराती मित्र हैं. एक इंसान के तौर पर मैं उनका सम्मान करता हूं. मैं उनसे मिला हूं, मेरी पत्नी और मैं उनसे मिले थे. व्यक्तिगत तौर पर वे बहुत ही आत्मीय, दयालु, स्नेही और ख्याल रखने वाले शख्स हैं. बेशक वे एक अच्छे वक्ता हैं और मेहनती भी हैं. हमारी आपस में अच्छी बनती है.”
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा, “हमारे बीच कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं हैं. एक गुजराती नेता, मित्र और शुभचिंतक के रूप में मिस्टर मोदी के खिलाफ मेरे मन में कुछ भी नहीं है. वे मेरे प्रति बहुत आत्मीय हैं. इस बारे में कोई समस्या नहीं है. मैं इसकी सराहना करता हूं और मैं कई बार गुजरात में उनके घर जा चुका हूं.”
–
एससीएच/वीसी