
नई दिल्ली, 26 अगस्त . राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय मंत्री, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने ईद-ए-मिलाद-उन-नबी पर देशवासियों को मुबारकबाद दी है. इसके साथ ही पैगम्बर मुहम्मद के जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एक्स पोस्ट में कहा, “ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के पावन अवसर पर मैं सभी देशवासियों, विशेषकर मुस्लिम भाइयों और बहनों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं. ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का पर्व पैगम्बर मुहम्मद (स.) के उपदेशों को स्मरण करने का अवसर है. उनकी शिक्षाएं हमें सदाचार और कर्त्तव्य की भावना को अपनाने की प्रेरणा देती हैं. आइए, हम पैगम्बर मुहम्मद (स.) के जीवन के उच्च आदर्शों से प्रेरणा लें तथा एक समावेशी और विकसित भारत के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें.”
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने एक्स पर पोस्ट किया, “मिलाद-उन-नबी के शुभ अवसर पर मैं अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं. ईद मुबारक! यह पवित्र अवसर हमें करुणा, सद्भाव और आपसी सम्मान के मूल्यों को बनाए रखने और भाईचारे के बंधन को मजबूत करने के लिए प्रेरित करे. यह सभी के लिए शांति, खुशी और समृद्धि लाए.”
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने एक्स पोस्ट में कहा, “ईद मिलाद-उन-नबी की शुभकामनाएं. सम्पूर्ण देश में शांति, सद्भाव व एकता की भावना और अधिक सशक्त हो, यही कामना है.”
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक्स पर लिखा, “मिलाद-उन-नबी की हार्दिक शुभकामनाएं. यह अवसर सभी के लिए खुशियां, सद्भाव और आनंद लेकर आए और हमारे समाज में आपसी एकता के बंधन को मजबूत करे.”
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने एक्स पोस्ट में कहा, “ईद मिलाद-उन-नबी के शुभ अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं. यह पवित्र अवसर हमें दया, शांति और भाईचारे के मूल्यों को अपनाने और हमारे समाज में एकता व आपसी मेलजोल के बंधन को मजबूत करने के लिए प्रेरित करे. सभी के लिए शांति, खुशी और सद्भाव की कामना करता हूं.”
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में कहा, “ईद मिलाद-उन-नबी मुबारक. सभी के लिए शांति, खुशी, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं.”
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर लिखा, “ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के पवित्र अवसर पर, मैं सभी को हार्दिक बधाई देता हूं. पैगंबर मुहम्मद का जीवन और उनकी शिक्षाएं हमें मानवता के लिए करुणा, शांति और न्याय जैसे सदाबहार मूल्यों की याद दिलाती हैं. यह अवसर भाईचारे के बंधन को मजबूत करें और हमें आपसी सम्मान और सांप्रदायिक सद्भाव पर आधारित ऐसा समाज बनाने के लिए प्रेरित करे, जो हमारे विविध देश को एकजुट रखता है. सभी को ईद मुबारक.”
प्रियंका गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, “ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के मौके पर सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं. शांति, दया, खुशी और आपसी भाईचारा आपके जीवन को रोशन करे. ईद-ए-मिलाद मुबारक!”
आजाद समाज पार्टी के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने एक्स पर लिखा, “पूरे विश्व को शांति, प्रेम, सहिष्णुता, समानता और मानवता का संदेश देने वाले पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद साहब के जन्मदिवस ‘ईद-ए-मिलाद-उन-नबी’ के पवित्र अवसर की आप सभी को हार्दिक बधाई एवं मंगलकामनाएं. यह दिवस हम सबके जीवन में करुणा, सद्भाव और भाईचारे का प्रकाश फैलाए.”
–
ओपी/एएस