
पटना, 27 अक्टूबर . बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए हुए चुनाव के बाद मंगलवार को मतगणना शुरू हो गई. इस बीच पटना स्नातक और पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना के दौरान सीसीटीवी कैमरे नहीं होने का मुद्दा उठने से विवाद खड़ा हो गया है. राजद और जन सुराज के प्रत्याशियों ने मतगणना केंद्रों की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. वहीं, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने स्पष्ट किया कि चुनाव आयोग के सभी निर्देशों का पालन किया जा रहा है.
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से राजद प्रत्याशी संजीव कुमार ने बांकीपुर गर्ल्स हाई स्कूल स्थित मतगणना केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे नहीं होने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि मतगणना हॉल में सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि जब सांसद और विधायकों के चुनाव में सीसीटीवी कैमरे और वीडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था रहती है, तो यहां ऐसा क्यों नहीं किया गया.
संजीव कुमार ने कहा कि उन्होंने इस मामले में कमिश्नर और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से भी बात की है. उनके अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि मतगणना हॉल में सीसीटीवी लगाने का कोई प्रावधान नहीं है. उन्होंने कहा कि परिसर के बाहर, कॉरिडोर और अन्य स्थानों पर रिकॉर्डिंग की व्यवस्था है, लेकिन मतगणना हॉल में कैमरे नहीं होना समझ से परे है. राजद प्रत्याशी ने निर्वाचन आयोग और मीडिया से तत्काल इस मामले पर ध्यान देने तथा मतगणना हॉल में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की.
उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित पदाधिकारी द्वेषपूर्ण भावना से काम कर रहे हैं. साथ ही उन्होंने अपनी जीत सुनिश्चित होने का दावा भी किया. इधर, पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह ने भी मतगणना केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे नहीं होने को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने केंद्र की स्वच्छता व्यवस्था पर भी आपत्ति जताई.
वहीं, पटना के जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी कुंदन कुमार ने व्यवस्थाओं का बचाव करते हुए कहा कि मतगणना की पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) के अनुसार संचालित हो रही है. सभी प्रत्याशियों को आवश्यक जानकारी और आयोग के दिशा-निर्देशों से अवगत करा दिया गया है. उन्होंने कहा कि व्यवस्थाएं अच्छी हैं और स्वच्छता का स्तर भी बेहतर है. हालांकि, स्वच्छता को लेकर कोई विशेष शिकायत मिलने पर उस पर कार्रवाई की जाएगी.
–
एमएनपी/पीएम