
नई दिल्ली, 15 सितंबर . समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से उत्तर प्रदेश के 75 जिलों के लिए 75 घोषणापत्र तैयार किए जाने पर भाजपा नेता अशोक वाजपेयी ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अलग-अलग जिलों के लिए अलग-अलग एजेंडा तय करेगी, इससे साफ होता है कि उनके पास उत्तर प्रदेश के विकास का कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं है.
नई दिल्ली में से बातचीत में भाजपा नेता ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता जानती है कि किस सरकार ने प्रदेश के विकास के लिए बेहतर काम किया है. भाजपा सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश का विकास हुआ है और प्रदेश की जनता आराम से जीवन जी रही है, जबकि सपा की सरकार में लोगों को प्रताड़ित किया जाता था और अपराध चरम सीमा तक पहुंच गया था. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जब भी विधानसभा चुनाव होंगे, जनता भाजपा के पक्ष में जनादेश देगी.
यूपी चुनाव को लेकर ओम प्रकाश राजभर की 33 सीटों पर दावेदारी को लेकर अशोक वाजपेयी ने कहा कि राजभर की अपनी पार्टी है और वह एनडीए की सहयोगी है. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर बैठक होगी और बैठक के बाद पार्टी नेतृत्व सीटों को लेकर फैसला करेगा.
पश्चिम बंगाल में 252 मदरसों को बंद करने को लेकर जारी नोटिस पर भाजपा नेता ने कहा कि अवैध संस्था नहीं चलनी चाहिए. अगर मदरसे अवैध हैं या उन्होंने औपचारिकताएं पूरी नहीं की हैं और वहां राष्ट्र-विरोधी गतिविधियां होती हैं, तो ऐसे मदरसों पर अंकुश लगना चाहिए. इसमें वहां के लोगों को भी सहयोग करना चाहिए.
यूसीसी को लेकर विपक्षी दलों के बयान पर भाजपा नेता ने कहा कि देश में एक संविधान और एक कानून होना चाहिए. यहां अलग-अलग धर्म और जाति के लिए अलग-अलग कानून थोड़े बनेंगे. यह बात तो देश की आजादी के समय ही तय हो जानी चाहिए थी कि इस देश में भारतवर्ष का एक यूसीसी होगा. भारतीय जनता पार्टी एनडीए शासित राज्यों में इसे लागू करेगी.
राहुल गांधी के खाने से जुड़े बयान पर अशोक वाजपेयी ने कहा कि मुझे उनकी बुद्धि पर तरस आता है. वे विपक्ष के नेता हैं, उन्हें गंभीर होना चाहिए. दुनियाभर से मेहमान आए तो उन्हें भारतीय व्यंजनों का स्वाद दिया गया. यहां आए तो भारतीय भोजन ही परोसा हमें इस पर गर्व करना चाहिए. भारत ने अपनी परंपरा के अनुसार शाकाहारी भोजन परोसा. विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है.
–
डीकेएम/वीसी