सोनिया गांधी की किताब में नीतीश पर टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण, कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का नया कल्चर : संजय झा

पटना, 11 नवंबर . बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने सोनिया गांधी की किताब में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर की गई टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर यह एक नया कल्चर बन गया है, जहां पार्टी के वरिष्ठ नेता उन राजनेताओं के खिलाफ व्यक्तिगत और बेहद हल्की टिप्पणियां करते हैं, जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश और अपने राज्य की सेवा में समर्पित कर दिया.

मीडिया से बातचीत में संजय झा ने कहा कि किताब में नीतीश कुमार के बारे में यह टिप्पणी की गई है कि उन्होंने कमजोर कारणों से ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक छोड़ी और गठबंधन से अलग हो गए. जबकि सच्चाई यह है कि ‘इंडिया’ गठबंधन की नींव नीतीश कुमार ने ही रखी थी. उन्हीं के विश्वास और पहल पर विपक्षी दल एकजुट हुए थे. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने पूरे देश का दौरा कर विभिन्न विपक्षी नेताओं को एक साथ लाने का प्रयास किया था और गठबंधन की पहली बैठक भी पटना में उन्हीं की पहल पर आयोजित हुई थी.

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने गठबंधन क्यों छोड़ा, इसकी परिस्थितियों को भी सामने रखना चाहिए. उस गठबंधन में न कोई नीति थी, न विचार और न ही देश के लिए कोई स्पष्ट सोच. बैठकों में केवल नरेंद्र मोदी को निशाना बनाने और उनके खिलाफ बयानबाजी करने की चर्चा होती थी. जदयू नेता ने साफ कहा कि विपक्षी दलों के बीच व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाएं हावी थीं. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जिन नेताओं से मिले थे, उनमें से कई ने उन्हें कांग्रेस को छोड़कर विपक्षी गठबंधन बनाने की सलाह दी थी, लेकिन नीतीश कुमार कांग्रेस को भी साथ लेकर चलने के पक्ष में थे.

संजय झा ने दिग्विजय सिंह के उस कथित बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में कहा था कि नीतीश कुमार को वर्ष 2014 में ही रोक लेना चाहिए था. उन्होंने कहा कि इससे भी स्पष्ट होता है कि गठबंधन नीतीश कुमार के भरोसे और उनकी पहल पर खड़ा हुआ था. वे बंगाल, दिल्ली, लखनऊ और भुवनेश्वर तक गए और विपक्षी नेताओं को एक मंच पर लाने का प्रयास किया.

जदयू सांसद ने कहा कि नीतीश कुमार का करीब 50 वर्षों का सार्वजनिक जीवन रहा है. कांग्रेस द्वारा लगाए गए आपातकाल के दौरान वे दो साल जेल में भी रहे. बिहार में पिछले वर्षों में जो बड़ा बदलाव और विकास हुआ है, उसमें नीतीश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. ऐसे वरिष्ठ नेता के बारे में इस तरह की ओछी और व्यक्तिगत टिप्पणी करना बेहद दुखद है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को सार्वजनिक जीवन की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए.

–

एमएनपी/पीएम