स्वरा भास्कर से लेकर रिया अहीर तक, ‘राइज एंड फॉल’ में जाने से पहले शहजाद पूनावाला ने कई मुद्दों पर दी राय

नई दिल्ली, 18 सितंबर . भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला इन दिनों एक नए रियलिटी शो को लेकर चर्चा में हैं. अगस्त 2026 में भाजपा से इस्तीफा देने के बाद अब वह प्राइम वीडियो के रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ का हिस्सा बनने जा रहे हैं. इसी बीच शहजाद ने को दिए इंटरव्यू में कई चर्चित मुद्दों और लोगों को लेकर अपनी राय रखी.

उन्होंने अभिनेत्री स्वरा के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया दी और अयोध्या राम जन्मभूमि मामले पर उनके रुख को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने मॉडल रिया अहीर के साथ सोशल मीडिया पर हुई बहस और दिशा सालियान मामले में चल रही जांच को लेकर भी बात की.

शहजाद ने कहा, ”मैं स्वरा से इतना ही कहना चाहूंगा कि स्वरा बस कर. मैं उनसे कहना चाहता हूं कि हिंदू विरोध और देश विरोध से जुड़ी बातें बंद करें. राम मंदिर को लेकर Supreme Court ने फैसले सुनाया था, क्या स्वरा और राहुल गांधी को लगता है कि Supreme Court का फैसला गलत था? लंबे समय तक चले राम जन्मभूमि आंदोलन के बाद अदालत के फैसले को लेकर इस तरह की प्रतिक्रिया देना हिंदू समाज के धैर्य को नजरअंदाज करना है.”

शहजाद का बयान स्वरा के उस हालिया इंटरव्यू के बाद आया है, जिसमें उन्होंने 2019 के अयोध्या फैसले को याद करते हुए कहा था कि वह उस समय काफी दुखी और परेशान थीं. स्वरा ने एक पॉडकास्ट में बताया था कि फैसले के बाद उन्होंने अपने फोन में मौजूद कई मुस्लिम दोस्तों और परिचितों को मैसेज किया था. उन्होंने शाहरुख खान, आमिर खान, सलमान खान और अपने पति फहाद अहमद के भी नाम लिए थे. स्वरा के मुताबिक, उन्होंने खुद को हिंदू बताते हुए कहा था कि उन्हें इस फैसले को लेकर अफसोस और शर्मिंदगी महसूस हुई और वह इससे सहमत नहीं थीं.

स्वारा के अलावा, शहजाद ने रिया अहीर को लेकर सोशल मीडिया पर हुई अपनी पुरानी बहस का जिक्र किया. उन्होंने रिया अहीर का नाम लिए बिना कहा, ”विरोध-प्रदर्शन में कुछ लोगों को लगा कि फोटो क्लिक करवाकर, गाड़ी पर हाथ रखकर राजनीतिक समर्थन हासिल कर सकेंगे. उनको यह पता होना चाहिए कि राहुल गांधी अपना चुनाव नहीं जीत सकते, उन्हें क्या ही जिताएंगे.”

यह विवाद उस समय सोशल मीडिया पर सामने आया था, जब रिया अहीर ने शहजाद को ‘अंकल’ कहकर जवाब दिया था. इसके बाद शहजाद ने उनकी उम्र और गणित को लेकर तंज कसा था. दोनों के बीच हुई बहस में राहुल गांधी, राजनीतिक विचारधारा और बिग बॉस 20 में रिया को जनता के वोट से एंट्री नहीं मिलने जैसे मुद्दे भी शामिल हो गए थे.

दिशा सालियान मामले को लेकर शहजाद ने कहा, ”यह मामला सुशांत सिंह राजपूत की मौत से भी जुड़ा हुआ है और दोनों घटनाओं को लेकर सवाल उठते रहे हैं. उस समय महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की सरकार थी. हो सकता है कि मामले में कुछ ऐसे नाम शामिल हो, जिनकी वजह से जांच को दबाने की कोशिश हुई हो. दिशा के परिवार को न्याय मिलना चाहिए.”

पीके/एबीएम