
मिर्जापुर, 24 मई . मिर्जापुर के पड़री थाना क्षेत्र के बसारी गांव में 15 वर्षीय किशोरी की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई. किशोरी का शव नाले के पास मिलने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. परिजनों ने एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मृतका की पहचान कविता बिंद के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, कविता शनिवार रात अपनी मां के साथ घर में सो रही थी. देर रात करीब एक बजे परिवार की नींद खुली तो कविता घर से गायब मिली. परिवार और ग्रामीणों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी. रविवार सुबह मजदूरों और ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक युवती का शव पड़े होने की सूचना दी. मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान कविता बिंद के रूप में की.
परिवार ने आरोप लगाया है कि सुखनई गांव निवासी साजन बिंद पिछले कई महीनों से कविता से मोबाइल फोन पर बातचीत करता था और लगातार उसे परेशान कर रहा था. मृतका के पिता मोहन बिंद का कहना है कि परिवार के विरोध करने पर आरोपी ने धमकी भी दी थी. परिजनों का आरोप है कि किशोरी की चाकू से गला रेतकर हत्या की गई और उसके साथ दुष्कर्म भी किया गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं.
एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि परिजनों की नामजद तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है. जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.
घटना की जानकारी मिलने पर लोजपा प्रदेश अध्यक्ष संजीव पांडेय भी मौके पर पहुंचे और घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही हत्या और दुष्कर्म की घटनाएं चिंता का विषय हैं. उन्होंने सरकार से दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की.
–
एएमटी/एबीएम