दिल्ली के द्वारका मोड़ हत्याकांड में 2 आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी हिरासत में

नई दिल्ली, 2 जून . दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका मोड़ इलाके में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग तीन आरोपियों को पकड़ा है.

द्वारका मोड़ स्थित एक बैंक्वेट हॉल के पास सोमवार देर रात सोनू कुमार पर कुछ लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की सूचना पर उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मोहन गार्डन निवासी 22 वर्षीय सोनू कुमार के रूप में हुई.

घटना की जानकारी मिलते ही द्वारका जिला पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. घटनास्थल से खून के धब्बे और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए. इसके बाद फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए.

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी. इस दौरान संदिग्धों की पहचान की गई और विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों नामेश पांडे उर्फ अमन (22) और चिराग उर्फ अमन (20) को गिरफ्तार कर लिया. दोनों आरोपी मोहन गार्डन इलाके के रहने वाले हैं. मामले में एक 17 वर्षीय नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है.

द्वारका के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कुशल पाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने त्वरित जांच और लगातार छापेमारी के जरिए मामले को सुलझा लिया. उन्होंने कहा कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और हत्या के पीछे के कारणों की विस्तृत जांच जारी है.

पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस हमले के पीछे की वजह और घटनाक्रम की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी हुई है.

एसएके/वीसी