
अमरावती, 9 अगस्त . आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में रविवार को एक सड़क हादसा हो गया. हैदराबाद-बेंगलुरु नेशनल हाईवे पर एक निजी बस दूसरे वाहन से टकराने के बाद पुल से नीचे गिर गई. इस हादसे में करीब 20 यात्री घायल हो गए हैं.
पुलिस के अनुसार हादसा पमिडी मंडल के पोगारूर के पास हैदराबाद-बेंगलुरु नेशनल हाईवे पर हुआ. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन पुल से नीचे गिर गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया.
इस दुर्घटना में 20 यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं. पुलिस ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और उन्हें पमिडी और अनंतपुर के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया.
कुछ घायलों और बस चालक को निकालने के लिए जेसीबी की मदद ली गई. बस चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है.
हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया. वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. बाद में अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जाम को खुलवाया.
आंध्र प्रदेश सड़क हादसों के मामले में देश के सबसे प्रभावित राज्यों में से एक है. इस साल जनवरी से जून तक राज्य में 9,194 दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 4,058 लोगों की जान गई.
पिछले साल हर दिन 23 लोगों की मौत सड़क हादसों में होती थी. इस साल ये आंकड़ा थोड़ा कम हुआ है, लेकिन मौतों की संख्या अब भी चिंताजनक है.
पुलिस का कहना है कि ट्रैफिक नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन न करना और लापरवाही से गाड़ी चलाना हादसों की मुख्य वजह है.
आंकड़ों के मुताबिक सबसे ज्यादा मौतें दोपहिया वाहन चालकों की होती हैं. पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सावधानी से वाहन चलाने की अपील की है.
–
वीकेयू/एएस