
बेगूसराय, 29 जून . बिहार के बेगूसराय जिले में दो स्कार्पियो गाड़ियों की टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई. इस दुर्घटना में लगभग 10 युवक चोटिल हुए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. पता चला कि सभी युवक एक दोस्त के जन्मदिन की पार्टी के बाद गंगा स्नान करने जा रहे थे.
घटना के संबंध में बताया गया कि बीती रात हिमांशु नाम के एक युवक के दोस्त का जन्मदिन था. पार्टी के बाद वे रात में करीब 12:30 बजे एक स्कॉर्पियो से गंगा स्नान करने के लिए सिमरिया चल दिए. स्कॉर्पियो सन्नी नाम का युवक चल रहा था. सभी दोस्त सिंघौल थाना क्षेत्र की ओर बढ़ रहे, तभी राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर गलत दिशा में आ रही एक स्कॉर्पियो के साथ उनकी आमने-सामने की टक्कर हुई.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों स्कॉर्पियो गाड़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय और राहगीरों की भीड़ भी इकट्ठा हो गई. आनन-फानन में पुलिस को सड़क दुर्घटना की सूचना दी गई. मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को गाड़ियों से बाहर निकाला. इसके बाद सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया.
अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित किया. अन्य घायलों की इलाज जारी है. मृतकों की पहचान नगर थाना क्षेत्र स्थित पोखरिया के रहने वाले ललन पासवान, बैजू शर्मा और चिकू साह के रूप में हुई है.
एक युवक ने बताया कि एक गाड़ी चालक रास्ते में आगे निकल गया था. वह वापस लौटने के लिए हाईवे पर यू-टर्न ले रहा था और इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी गाड़ी उससे टकरा गई.
देर रात में युवकों के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने संपर्क किया था. इस दौरान उन्हें हादसे की जानकारी मिली. फिलहाल, इस घटना से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है.
–
डीसीएच/