महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक केस में बड़ा अपडेट, बिहार कनेक्शन के बाद मास्टरमाइंड की तलाश तेज

मुंबई, 29 जून . महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पेपर लीक मामले की जांच में एक बड़ा खुलासा हुआ है. दरअसल, पेपर लीक केस की जांच में बिहार का बड़ा कनेक्शन सामने आ रहा है. जांट एजेंसियों के मुताबिक, महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक मामले में फरार परीक्षा माफिया बिजेंद्र गुप्ता का नाम सामने आया है.

जांच में पता चला है कि बिहार के समस्तीपुर के बिजेंद्र कुमार गुप्ता टीईटी पेपर लीक केस का मास्टरमाइंड है. जानकारी के मुताबिक, बिजेंद्र कुमार गुप्ता इससे पहले भी पेपर लीक केस में शामिल पाया जा चुका है. इससे पहले भिवंडी पुलिस ने टीईटी पेपर लीक केस में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इसमें से एक हरियाणा तो दो बिहार के रहने वाले हैं.

महाराष्ट्र पुलिस ने टीईटी पेपर लीक केस में बिहार के राजीव शॉ, आकाश कुमार और हरियाणा के धीरज सिंह को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि तीनों दिल्ली से टीईटी प्रश्नपत्र लेकर भिवंडी पहुंचे थे और इसे करीब डेढ़ करोड़ रुपए में बेचने की तैयारी कर रहे थे.

वहीं, अब इस मामले में शामिल कपिल दहिया और बिजेंद्र कुमार गुप्ता को गिरफ्तार करने के लिए दस पुलिस टीमें भेजी गई हैं. टीईटी पेपर लीक मामले के मास्टरमाइंड बिजेंद्र कुमार गुप्ता की गिरफ्तारी के बाद कई बड़े खुलासे होने की संभावना है.

बता दें कि महाराष्ट्र में 28 जून को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) निर्धारित 1,028 केंद्रों पर आयोजित होनी थी, जिसमें 2 लाख 26 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होने वाले थे. हालांकि, इससे पहले ही 27 जून की सुबह भिवंडी पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोगों के पास शिक्षक पात्रता परीक्षा के प्रश्नपत्र से जुड़ी जानकारी मौजूद है.

परीक्षा से पहले ही पेपर लीक की घटना के बाद टीईटी को रद्द कर दिया गया है और इस मामले की जांच के साथ संबंधित सभी आरोपियों की तलाश जारी है.

डीके/एबीएम