मैंने कभी खुद को शर्मिला टैगोर का दामाद समझकर इंडस्ट्री में काम नहीं किया : कुणाल खेमू

मुंबई, 30 जून . अभिनेता और फिल्ममेकर कुणाल खेमू इन दिनों अपने नए रियलिटी शो ‘अलायंस’ को लेकर चर्चा में हैं. कुणाल ने हाल ही में उस सवाल का जवाब दिया, जो अक्सर उनसे पूछा जाता है. भारतीय सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित परिवारों में से एक का हिस्सा बनने के बाद क्या उन्हें कभी किसी तरह का दबाव या उम्मीदों का बोझ महसूस हुआ? इस पर कुणाल ने कहा कि उन्होंने कभी भी निजी रिश्तों को अपने काम और कला के बीच नहीं आने दिया.

से खास बातचीत में सवाल का जवाब देते हुए कुणाल ने कहा, ”नहीं, मेरे लिए मेरी कला और मेरे भीतर का कलाकार सबसे ज्यादा मायने रखता है. यही मेरे लिए सबसे अहम है. सच कहूं तो मैंने कभी इस नजरिए से सोचा ही नहीं कि मैं शर्मिला टैगोर का दामाद हूं.” अगर मैं यह कहूं कि मैं इस बारे में सोचता हूं या इससे बचने की कोशिश करता हूं, तो यह झूठ होगा. यह बात मेरे दिमाग में रहती ही नहीं है.”

अभिनेता ने आगे कहा, ”मेरी क्रिएटिव जर्नी हमेशा एक्टिंग और फिल्ममेकिंग के प्रति मेरे पैशन से प्रेरित रही है. मैंने कभी इस बात को महत्व नहीं दिया कि मैं किस परिवार का हिस्सा हूं. किसी कलाकार की असली पहचान उसके काम से बनती है, न कि उसके पारिवारिक रिश्तों से.”

बता दें कि कुणाल खेमू ने अभिनेत्री सोहा अली खान से 25 जनवरी 2015 को शादी की थी. सोहा अली खान, दिग्गज अभिनेत्री शर्मिला टैगोर और दिवंगत क्रिकेटर मंसूर अली खान पटौदी की बेटी हैं. कुणाल और सोहा की पहली मुलाकात साल 2009 में फिल्म ‘ढूंढते रह जाओगे’ के सेट पर हुई थी. वहीं से दोनों की दोस्ती शुरू हुई, जो बाद में प्यार में बदल गई.

शादी के दो साल बाद, सितंबर 2017 में दोनों ने अपनी बेटी इनाया नौमी खेमू का स्वागत किया. दोनों अक्सर अपनी बेटी के साथ बिताए खास पलों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते रहते हैं, जिन्हें फैंस भी काफी पसंद करते हैं.

पीके/एएस