
कोलकाता, 30 जून . भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में प्रतिक्रिया दी. उन्होंने मंगलवार को समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा कि सरकार ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लिया है. किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जा रही है. मामले से जुड़े हर पहलू की जांच होगी. इसमें जो भी शामिल है, सभी के खिलाफ कार्रवाई होगी.
उन्होंने एंटी गुंडा बिल को लेकर भी प्रतिक्रिया दी. उनके मुताबिक, टीएमसी ने पूरे राज्य में गुंडा शासन स्थापित कर दिया था. स्थिति ऐसी हो चुकी थी कि आम लोगों की जीना दूभर हो चुका था, इसलिए यह कानून लाना पड़ा. इस कानून से गुंडों को समाप्त किया जाएगा. इसके इतर, हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी तरह से इस कानून का दुरुपयोग नहीं हो.
उन्होंने त्रिभाषा नीति पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि यहां से बहुत सारे लोग दूसरे देशों में जाते हैं और वहां की भाषा सीखते हैं. अगर उन्हें यहीं पर पढ़ाई के दौरान किसी विदेश भाषा के सीखने का विकल्प दे दिया जाए, तो उन्हें आगे चलकर किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी.
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से राहुल गांधी के संदर्भ में दिए गए बयान पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राहुल गांधी के बारे में बहुत ही बड़ी बातें कही हैं. एकदम सही बात है कि राहुल गांधी एक पार्ट टाइम नेता हैं. वो कब विदेश चले जाते हैं. यह किसी को पता नहीं होता है. वो कब यहां पर रहते हैं और कब चले जाते हैं, सब कुछ अप्रत्याशित होता है. राहुल गांधी ऐसे ही राजनेता हैं, लेकिन हमारे छोटे से छोटे कार्यकर्ता एक फुल टाइम राजनेता हैं, जो जनता के हितों के लिए काम करते हैं. यही कारण है कि आज भाजपा का विस्तार तेजी से हो रहा है, तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस तेजी से कमजोर होती जा रही है.
उन्होंने ओवैसी के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि ओवैसी जिससे चाहे, उसके साथ गठबंधन कर सकते हैं. कारण यह है कि आज की तारीख में भारत का जनाधार पीएम मोदी के साथ है. जनाधार भाजपा के साथ है. ऐसी स्थिति में ओवैसी हो या कोई और राजनेता, हमें कोई फर्क नहीं पड़ेगा. इससे पहले इंडिया ब्लॉक ने हमारे खिलाफ मोर्चा खोलने का काम किया था. आज इंडिया ब्लॉक की स्थिति कैसी है, यह बात किसी से छुपी नहीं है.
–
एसएचके/वीसी