राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी नहीं, सिटिंग जज की निगरानी में हो जांच: राकेश सिन्हा

रांची, 30 जून . झारखंड से कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को ‘पार्ट-टाइम नेता’ कहे जाने पर आपत्ति जताई. सिन्हा ने कहा कि राहुल गांधी से भाजपा में खौफ है. रांची में से बातचीत में कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने कहा कि नितिन नवीन नए-नए अध्यक्ष बने हैं और विपक्ष के नेता को पार्ट-टाइम राजनेता कह रहे हैं.

उन्होंने कहा, “ऐसी सोच वाले लोग भाजपा के शीर्ष पदों पर हैं, ऐसे बयानों से हंसी आती है.” सिन्हा ने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि वे सच्चाई से जनता को रूबरू करा रहे हैं, छात्रों और किसानों के मुद्दों को उठा रहे हैं.

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा की 12 साल की सरकार में वोट चोरी, सांसद-विधायक की चोरी, सत्ता चोरी के बाद अब आस्था की चोरी हो रही है.

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सिन्हा ने मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी और न्यायिक जांच की मांग की है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले में लीपापोती में लगी हुई है.

वीएचपी अध्यक्ष आलोक कुमार के बयान पर राकेश सिन्हा ने कहा कि एसआईटी जांच से मामला नहीं सुलझ सकता है. उन्होंने सिटिंग जज की निगरानी में न्यायिक जांच की मांग की. सिन्हा ने इसे सनातनियों की आस्था पर बड़ा कुठाराघात बताया और कहा कि सनातन को मानने वाले इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे.

यूपी कांग्रेस चीफ अजय राय को हाउस अरेस्ट करने पर राकेश सिन्हा ने कहा कि विपक्ष के नेताओं को हाउस अरेस्ट नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने पूछा, “क्या अघोषित आपातकाल चल रहा है? राम मंदिर किसी की जागीर नहीं है.” कोई भी कभी भी दर्शन के लिए अयोध्या के राम मंदिर जा सकता है.

एआईएमआईएम प्रमुख ओवैसी के बयान पर सिन्हा ने कहा कि भाजपा को हराने की बात अच्छी है, लेकिन ईमानदारी से करना चाहिए. उन्होंने कहा कि देश की संवैधानिक संस्थाओं पर भाजपा का कब्जा है, जिसे खत्म करने के लिए सभी को एक मंच पर आना होगा.

उन्होंने कहा कि ओवैसी सही कह रहे हैं कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी में अगर कोई मुसलमान होता तो अब तक एनकाउंटर हो चुका होता. भाजपा सड़कों पर उतर आती है, लेकिन सनातनियों की आस्था के साथ चोरी होने पर पीएम मोदी एक शब्द भी नहीं बोल रहे हैं.अयोध्या बार एसोसिएशन के फैसले पर सिन्हा ने इसे स्वागत योग्य बताया और सभी सदस्यों को बधाई दी.

बिहार के भरत तिवारी मामले पर उन्होंने कहा कि जब शासन-प्रशासन पंगु हो जाता है तो न्याय का दरवाजा ही आम जनता के लिए उम्मीद जगाता है.

डीकेएम/वीसी