
वेलिंगटन, 30 जून . भारत की न्यूजीलैंड में हाई कमिश्नर मुआनपुई सैयावी ने मंगलवार को न्यूजीलैंड की सांसद डॉ. परमजीत परमार से मुलाकात की. इस दौरान दोनों ने भारत-न्यूजीलैंड संबंधों को मजबूत बनाने, भारतीय समुदाय के कल्याण और न्यूजीलैंड में रहने वाले भारतीयों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की.
न्यूजीलैंड में भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “हाई कमिश्नर मुआनपुई सैयावी ने सांसद डॉ. परमजीत परमार से मुलाकात की और भारत-न्यूजीलैंड संबंधों को मजबूत करने, समुदाय के कल्याण और न्यूजीलैंड में भारतीय प्रवासी समुदाय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की.”
17 जून को मुआनपुई सैयावी ने न्यूजीलैंड के विदेश मंत्री विंस्टन पीटर्स से भी मुलाकात की और उन्हें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की टीशर्ट भेंट की.
न्यूजीलैंड में भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “हाई कमिश्नर मुआनपुई सैयावी ने न्यूजीलैंड के विदेश मंत्री राइट ऑनरेबल विंस्टन पीटर्स से मुलाकात की. विदेश मंत्री ने उन्हें उनके कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं. हाई कमिश्नर ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की टीशर्ट भी भेंट की.”
इस मुलाकात के दौरान विंस्टन पीटर्स ने साल 2020, 2024 और 2025 में अपनी भारत यात्राओं को भी याद किया.
उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “आज मैंने न्यूजीलैंड में भारत की नई हाई कमिश्नर मुआनपुई सैयावी का स्वागत किया. हमने 2020, 2024 और 2025 में मेरी भारत यात्रा को याद किया और उनके कार्यकाल के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं.”
11 जून को न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार चुने गए प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी थी.
लक्सन ने ‘एक्स’ पर लिखा, “बधाई हो नरेंद्र मोदी. भारत के सबसे लंबे समय तक चुने गए प्रधानमंत्री बनने पर आपको शुभकामनाएं. न्यूजीलैंड-भारत मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को आगे बढ़ाने के लिए आपके साथ काम करना मेरे लिए खुशी की बात रही. आने वाले वर्षों में दोनों देश मिलकर और भी बहुत कुछ कर सकते हैं.”
जवाब में प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “आपकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद प्रधानमंत्री लक्सन. भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौता हमारी साझेदारी को आगे बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम है. मैं इस रफ्तार को बनाए रखते हुए हमारे संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए उत्सुक हूं.”
भारत-न्यूजीलैंड के बीच लंबे समय से अच्छे और दोस्ताना संबंध रहे हैं. दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की शुरुआत 1952 में हुई थी. दोनों देश राष्ट्रमंडल (कॉमनवेल्थ) के सदस्य हैं, दोनों की कानूनी व्यवस्था में कई समानताएं हैं और दोनों लोकतांत्रिक व्यवस्था के जरिए आर्थिक विकास और समृद्धि हासिल करने का साझा लक्ष्य रखते हैं.
–
एवाई/एबीएम