
संगरूर, 1 जुलाई . पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को राज्य की महिलाओं के लिए बहुप्रतीक्षित ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ का शुभारंभ किया. योजना के लागू होते ही पात्र महिलाओं के बैंक खातों में तीन महीने की सहायता राशि एकमुश्त ट्रांसफर कर दी गई. योजना का लाभ मिलने के बाद लाभार्थी महिलाओं ने सरकार के इस कदम का स्वागत किया.
लाभार्थी गगनदीप कौर ने समाचार एजेंसी से बात करते हुए कहा कि यह सरकार की सराहनीय पहल है, जिससे महिलाओं को आर्थिक रूप से काफी सहायता मिलेगी. इस राशि का उपयोग घरेलू जरूरतों और अन्य आवश्यक कार्यों में किया जा सकेगा, जिससे परिवार का आर्थिक बोझ कम होगा.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार जनहित की योजनाएं लागू कर रही है और उनका लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है. इसके लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान का हम लोग आभार व्यक्त करते हैं.
लाभार्थी जसवीर कौर ने से बात करते हए योजना को महिलाओं के लिए राहत भरा कदम बताया. उन्होंने कहा कि सरकार ने महिलाओं की परेशानियों को समझते हुए आर्थिक सहायता देने का फैसला किया है, जिससे परिवारों को काफी मदद मिलेगी. उनके अनुसार, पिछली सरकारों ने आम लोगों की जरूरतों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया, जबकि वर्तमान सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास कर रही है.
लाभार्थी रमनदीप ने कहा कि तीन महीने की राशि एक साथ मिलने से उन्हें 3,000 रुपए प्राप्त हुए हैं, जो घर के खर्चों को पूरा करने में सहायक साबित होंगे. यदि यह योजना पहले लागू हो जाती तो महिलाओं को और अधिक लाभ मिलता. इसके बावजूद उन्होंने योजना शुरू होने पर खुशी जताई और कहा कि इससे जरूरतमंद परिवारों को राहत मिलेगी.
बता दें कि इस योजना के तहत लाभार्थियों को प्रति माह 1,000 से 1,500 रुपए की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है. यह आम आदमी पार्टी द्वारा पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 से पहले महिलाओं से किए गए प्रमुख चुनावी वादों में शामिल था.
राज्य सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनके परिवारों को वित्तीय सहयोग प्रदान करना है. सरकार का मानना है कि नियमित आर्थिक सहायता मिलने से महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ेगी और वे घरेलू जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा कर सकेंगी.
–
एसएके/डीएससी