
सैन फ्रांसिस्को, 1 जुलाई . अमेरिका के हेड कोच मौरिसियो पोचेटिनो ने कहा है कि उनकी टीम राउंड ऑफ 32 में होने वाले मुकाबले में हर संभावित स्थिति से निपटने के लिए तैयार है. अमेरिका का राउंड ऑफ 32 में बोस्निया और हर्जेगोविना के खिलाफ मैच होना.
फीफा विश्व कप 2026 की सह-मेजबान अमेरिका ने पैराग्वे और ऑस्ट्रेलिया को हराकर ग्रुप डी में शीर्ष स्थान पर रहते हुए नॉकआउट स्टेज के लिए क्वालीफाई किया था.
मौरिसियो पोचेटिनो ने फीफा से बात करते हुए कहा, “बोस्निया और हर्जेगोविना एक बहुत ही जुझारू और आक्रामक टीम है. वे अच्छी तरह से व्यवस्थित भी हैं. जब आप मार्च में इटली के खिलाफ उनके ग्रुप-स्टेज मैच या क्वालीफायर देखते हैं, तो आप देख सकते हैं कि उनमें क्वालिटी है. उनके पास शानदार खिलाड़ी और कोच हैं, जो उन्हें प्रदर्शन करने के लिए प्लेटफॉर्म देते हैं.”
अर्जेंटीना के पूर्व डिफेंडर ने यह भी बताया कि वह टूर्नामेंट शुरू होने से बहुत पहले से ही अपने खिलाड़ियों को नॉकआउट के लिए मानसिक तौर पर तैयार कर रहे हैं. हम हर मैच को एक जरूरी मैच की तरह ले रहे हैं. पैराग्वे के खिलाफ मैच भी हमारे लिए फाइनल की तरह था.
पोचेटिनो ने कहा कि उनके कोचिंग स्टाफ ने पेनल्टी शूटआउट की संभावना के लिए तैयारी पर भी काफी ध्यान दिया है.
उन्होंने कहा, “अगर पेनल्टी की बात आती है तो हम तैयार रहेंगे. हमने उस क्षेत्र में काम करना शुरू कर दिया है. मुझे लगता है कि यह वाकई जरूरी है. मैं इसके बारे में ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहता. हम इस पर काम कर रहे हैं क्योंकि, एक कोचिंग स्टाफ के तौर पर, हमारा मानना है कि हम खिलाड़ियों को बेहतर होने के लिए टूल्स दे सकते हैं और उन्हें इस तरह के हालात से निपटने का सबसे अच्छा तरीका ढूंढने में मदद कर सकते हैं.”
पोचेटिनो ने कहा कि टूर्नामेंट के हाल के नतीजों से पता चला है कि नॉकआउट राउंड में कोई आसान विरोधी नहीं है. हम बोस्निया और हर्जेगोविना का पूरा सम्मान करते हैं. मुझे नहीं लगता कि हम फेवरेट हैं. पिछले कुछ दिनों में, हम सभी ने देखा है कि यह वर्ल्ड कप कितना मुश्किल है.
अमेरिका का बोस्निया और हर्जेगोविना के साथ राउंड ऑफ 32 मुकाबला 2 जुलाई को सुबह 5:30 से खेला जाएगा.
–
पीएके