विंबलडन: अनास्तासिया को सीधे सेटों में हराकर ओसाका तीसरे राउंड में पहुंचीं

लंदन, 1 जुलाई . विंबलडन 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए बुधवार को नाओमी ओसाका ने अनास्तासिया गसानोवा के खिलाफ सीधे सेटों में 6-3, 6-2 से जीत दर्ज की. कोर्ट 2 पर इस जीत के साथ ओसाका ने तीसरे राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली है.

इस पूरे मुकाबले में ओसाका ने अपना दबदबा बनाए रखा. गसानोवा के खिलाफ अपने करियर का पहला टूर-लेवल मैच खेलते हुए, जापानी स्टार ने शुरुआत से ही अपनी दमदार सर्विस और बेहतरीन शॉट-प्ले से दबदबा बनाए रखा, जिससे उनकी प्रतिद्वंद्वी को मैच का रुख बदलने का शायद ही कोई मौका मिला.

ओसाका ने आठ ऐस लगाए और अपनी पहली सर्विस पर 76 प्रतिशत अंक जीते, जिससे उन्हें लगातार फ्री प्वाइंट्स मिले और गसानोवा सर्विस गेम के दौरान कोई दबाव नहीं बना पाईं.

वर्ल्ड नंबर 225 रूसी खिलाड़ी गसानोवा क्वालीफाइंग राउंड पार करने और अपने पहले मैच में एमिलियाना अरंगो को हराने के बाद दूसरे राउंड में पहुंची थीं. हालांकि, ओसाका के सामने लय में नजर नहीं आईं. गसानोवा पूरे मैच में सिर्फ 11 रिटर्न प्वाइंट्स हासिल कर सकीं और एक भी ब्रेक-प्वाइंट का मौका नहीं बना पाईं.

वहीं, ओसाका ने अपने छह में से तीन ब्रेक प्वाइंट्स को भुनाया और एल्सा जैकमो के खिलाफ पहले राउंड की जीत के बाद इस मुकाबले को भी आसानी से सीधे सेटों में जीत लिया.

टेनिस के अलावा, ओसाका ने टूर्नामेंट में अपने अनोखे फैशन सेंस को भी जारी रखा और एक बार फिर अपने विंबलडन कपड़ों में पारंपरिक जापानी संस्कृति की झलक दिखाई.

टूर्नामेंट में पहले किमोनो-स्टाइल लुक को पेश करने के बाद, ओसाका कोर्ट 2 पर एक सफेद ‘ओबी’ पहनकर उतरीं, जो किमोनो के साथ पहनी जाने वाली एक चौड़ी बेल्ट या सैश होती है. जापान में इस एक्सेसरी का गहरा सांस्कृतिक महत्व है. यह जूडो जैसे मार्शल आर्ट्स से भी जुड़ी है, जहां बेल्ट अनुशासन और तरक्की का प्रतीक होती है. ओसाका की विंबलडन पोशाक में इसे शामिल करना समुराई की परंपराओं की भी याद दिलाता है. ओसाका ने विंबलडन के ‘ऑल-व्हाइट’ ड्रेस कोड का पालन करते हुए अपनी पूरी सफेद पोशाक में ‘ओबी’ को शामिल किया.

आरएसजी