
लखनऊ, 1 जुलाई . उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने राज्यस्तरीय सहकारी सप्ताह के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कई अन्य अहम मुद्दों पर भी बात की और सरकार का पक्ष रखा.
दयाशंकर सिंह ने बुधवार को समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा कि सरकार सहकारी आंदोलन को मजबूत करने और किसानों, ग्रामीण समुदायों व युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है.
इसके अलावा, उन्होंने भारत टैक्सी का जिक्र करते हुए बताया कि इससे उत्तर प्रदेश की जनता को किस तरह से लाभ पहुंचेगा. उनके मुताबिक, इसमें जीपीएस लगा हुआ है. इसमें महिलाओं के लिए पैनिक बटना भी लगा हुआ है. यह एक सरकारी संस्था की ओर से संचालित होने वाला है. यह सेवा भाव के मकसद से शुरू होने वाला है. इससे आगामी दिनों में उत्तर प्रदेश की जनता को बड़े पैमाने पर फायदा पहुंचेगा. जल्द ही उत्तर प्रदेश में इसकी शुरुआत होगी. परिवहन विभाग की ओर से जो भी कदम उठाए जा सकते हैं, आगामी दिनों में उठाएं जाएंगे. उस दिशा में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी.
उन्होंने कहा कि रात हो या दिन, हमारी माताएं बहनें कभी-भी इससे यात्री कर सकती हैं, यह बिल्कुल सुरक्षित माध्यम है. उन्हें इस पर भरोसा रहेगा.
साथ ही, उन्होंने राम मंदिर मामले में समाजवादी पार्टी की ओर से प्रतिक्रिया दिए जाने पर भी अपनी बात रखी. उनके मुताबिक, समाजवादी पार्टी को राम मंदिर मामले में किसी भी प्रकार का बयान देने का कोई हक नहीं है, क्योंकि जिस राम मंदिर के लिए 500 वर्षों से संघर्ष चल रहा था, न जाने कितने ही लोगों ने बलिदान दे दिए, हमने उस मंदिर को बनते हुए भी देखा और दर्शन भी किए. अफसोस की बात है कि समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने आज तक राम मंदिर के दर्शन नहीं किए. ऐसी स्थिति में जिन लोगों ने आज तक राम मंदिर के दर्शन नहीं किए, उन्हें राम मंदिर के चढ़ावे पर किसी भी प्रकार का सवाल उठाने का कोई नैतिक हक नहीं है.
–
एसएचके/डीकेपी