फीफा वर्ल्ड कप: रोनाल्डो के नाम बड़ी उपलब्धि, नॉकआउट मैच खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने

नई दिल्ली, 3 जुलाई . फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में पुर्तगाल ने क्रोएशिया को 2-1 से हराया. पुर्तगाल की ओर से क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने पेनल्टी पर एक शानदार गोल दागा. इस मुकाबले में मैदान पर उतरने के साथ ही रोनाल्डो फीफा वर्ल्ड कप इतिहास का नॉकआउट मैच खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं.

रोनाल्डो ने 41 साल और 147 दिन की उम्र में यह मुकाबला खेला. इसके साथ ही रोनाल्डो नॉकआउट मुकाबले में गोल करने वाले भी सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने. उन्होंने पूर्व खिलाड़ी पेपे का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 39 साल और 283 दिन की उम्र में यह मुकाम हासिल किया था. रोनाल्डो के अलावा, पुर्तगाल की ओर से गोंजालो रामोस ने निर्णायक गोल किया.

क्रोएशिया के खिलाफ मिली जीत के साथ ही पुर्तगाल ने राउंड ऑफ 16 का टिकट हासिल कर लिया है. मुकाबले के पहले हाफ में पुर्तगाल और क्रोएशिया की ओर से कोई भी गोल नहीं हुआ. दोनों टीमों के डिफेंस ने शुरुआती 45 मिनटों में जबरदस्त खेल दिखाया. हालांकि, दूसरे हाफ के आगाज के साथ ही इवान पेरिसिच ने क्रोएशिया को मुकाबले में 1-0 की बढ़त दिलाई. हालांकि, इस बढ़त को पुर्तगाल ने ज्यादा देर तक बरकरार नहीं रहने दिया. रोनाल्डो ने पेनल्टी के रूप में मिले शानदार मौके को भुनाते हुए बेहतरीन गोल दागा और स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया.

इसके बाद इंजरी टाइम में राफेल लियाओ के बेहतरीन पास पर रामोस ने पुर्तगाल की तरफ से दूसरा गोल करते हुए टीम की जीत पर मुहर लगा दी. अतिरिक्त समय में क्रोएशिया की ओर से मारियो पासालिक ने गोल किया, लेकिन मारियो के ऑफसाइड होने की वजह से गोल को अमान्य करार दे दिया गया और क्रोएशिया का जश्न जल्द ही दुख में तब्दील हो गया. यह क्रोएशिया के दिग्गज खिलाड़ी लुका मॉड्रिक का आखिरी विश्व कप मुकाबला भी रहा. मैच के बाद रोनाल्डो मॉड्रिक से गले मिलते हुए भी नजर आए. पुर्तगाल ने जीत के साथ राउंड ऑफ 16 में अपनी जगह पक्की कर ली है. वहीं, हार के साथ क्रोएशिया का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया है.

एसएम/एएस