महंत नृत्य गोपाल दास को मेदांता अस्पताल से छुट्टी, डॉक्टर ने बताया, ‘स्वास्थ्य में काफी सुधार’

लखनऊ, 3 जुलाई . श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. मेदांता अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर ने महंत नृत्य गोपाल दास के स्वास्थ्य को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें सोमवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उनके स्वास्थ्य में अब काफी सुधार हो गया है और इसी कारण शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी दी जा रही है.

डॉ. राकेश कपूर ने से बातचीत में बताया कि महंत नृत्य गोपाल दास सोमवार को भर्ती हुए थे. उनके स्वास्थ्य में बहुत सुधार हुआ है, आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनसे मिलने आए. आज उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा रही है, क्योंकि एक महंत पंजाबी बाबा की मृत्यु हो गई है और यही वजह है कि वह अयोध्या जा रहे हैं. अगर जरूरत होगी तो उन्हें फिर से भर्ती करेंगे. अभी उन्हें छुट्टी दी जा रही है.

डॉ. राकेश कपूर ने से खास बातचीत में बताया कि वर्तमान में उनका स्वास्थ्य स्थिर है और स्वास्थ्य लाभ हो चुका है.

इससे पहले, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल में महंत नृत्य गोपाल दास से मुलाकात कर उनका कुशल-क्षेम जाना. इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से भी उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी. उन्होंने पोस्ट में लिखा, “श्री मणिरामदास छावनी के पूज्य महंत एवं श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री नृत्य गोपाल दास जी महाराज से आज लखनऊ स्थित मेदांता हॉस्पिटल में भेंट कर उनका कुशल-क्षेम जाना तथा चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य के विषय में जानकारी ली. प्रभु श्री राम की कृपा से उन्हें शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो, यही प्रार्थना है.”

दूसरी तरफ, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने भी महंत नृत्य गोपाल दास के उत्तम स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. उन्होंने कहा, “मैंने मंगलकामना की है कि महंत नृत्य गोपाल दास स्वस्थ रहें. यही हम लोगों ने बाबा विश्वनाथ और श्रीराम जी से प्रार्थना की.”

पीएसके/एबीएम