राजा रघुवंशी केस : परिवार को न्याय की उम्मीद, कहा- ‘Supreme Court पर पूरा भरोसा’

इंदौर, 3 जुलाई . राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में शुक्रवार को एक नया घटनाक्रम सामने आया है. आरोपी सोनम रघुवंशी की जमानत रद्द करने की याचिका पर Supreme Court ने नोटिस जारी किया है. कोर्ट के इस फैसले के बाद राजा रघुवंशी के परिवार ने न्याय मिलने की उम्मीद जताई है. परिवार ने मामले की सीबीआई जांच कराने की भी मांग की है और कहा है कि यदि सोनम रघुवंशी जमानत पर बाहर रहती हैं तो वह गवाहों को प्रभावित कर सकती हैं और सबूतों के साथ छेड़छाड़ कर सकती है.

राजा रघुवंशी की मां ने से बातचीत में कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि Supreme Court से उनके पक्ष में फैसला आएगा और उनके बेटे को न्याय मिलेगा. मेरे बेटे का कोई कसूर नहीं था, उसकी कोई गलती नहीं थी. मैं मेघालय सरकार से भी निवेदन करना चाहती हूं कि जो भी जांच हुई है, उसे दोबारा पूरी बारीकी से किया जाए. एक मां का विश्वास कभी नहीं टूट सकता. जब मामला Supreme Court तक पहुंच गया है तो वहां हर पहलू की बारीकी से जांच होगी. सोनम के खिलाफ इतने सारे सबूत हैं. राजा का कोई कसूर नहीं था. वहां की पुलिस के पास जो भी सबूत हैं, वे सभी Supreme Court के सामने जाएंगे और पूरा सच सामने आएगा. हमें पूरा विश्वास है कि फैसला हमारे पक्ष में आएगा.

सोनम रघुवंशी द्वारा हत्या किए जाने के कारण पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि एक मां भी कब से यही पूछ रही है कि सोनम ने हत्या क्यों की. इसका कारण भी सामने आएगा. Supreme Court में मामला पहुंचा है तो वहां यह भी पता चलेगा कि हत्या क्यों की गई और राजा का कसूर क्या था. मेरे बेटे को न्याय जरूर मिलेगा. हमें कोर्ट के फैसले पर पूरा भरोसा है.

राजा रघुवंशी के रिश्तेदार सचिन ने कहा कि Supreme Court द्वारा अगली तारीख दिए जाने से उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद और मजबूत हुई है. हमें Supreme Court से पूरी उम्मीद है कि न्याय मिलेगा. इतना चर्चित मामला होने के बाद भी यदि न्याय नहीं मिला तो गलत संदेश जाएगा. Supreme Court ने फाइलें मंगवाई हैं और अगली तारीख दी है. हमें उम्मीद है कि सभी तथ्यों की जांच के बाद सोनम की जमानत रद्द कर दी जाएगी.

एक अन्य रिश्तेदार ने भी Supreme Court पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अदालत ऐसा फैसला सुनाएगी जिससे राजा रघुवंशी को न्याय मिल सके. Supreme Court और मेघालय सरकार दोनों यही चाहेंगे कि सोनम रघुवंशी लंबे समय तक जमानत पर बाहर न रहे. यदि वह बाहर रहती हैं तो सबूतों को नष्ट कर सकती हैं, गवाहों को डरा सकती हैं और देश छोड़कर भागने की भी आशंका है. इसलिए सरकार भी चाहेगी कि वह जल्द से जल्द जेल जाए. जो लड़की हत्या के बाद शिलॉन्ग से इंदौर आ सकती है, वह कुछ भी कर सकती है. उसके मन में किसी तरह का डर नहीं है.

रिश्तेदार ने आगे कहा कि सोनम रघुवंशी की जमानत होने के दो से ढाई महीने बाद केतन की हत्या उसकी मंगेतर सिया ने की. कहीं न कहीं सोनम रघुवंशी के मामले को देखकर ही सिया के मन में भी ऐसा कदम उठाने का विचार आया. हमें लगता है कि ऐसे मामलों से समाज में गलत संदेश जा रहा है और लड़कियों के हौसले बढ़ रहे हैं.

पीएसके