
साणंद (गुजरात), 4 जुलाई . प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गुजरात के साणंद में सीजी सेमी की ओएसएटी सुविधा का उद्घाटन किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह परियोजना भारत के सेमीकंडक्टर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और यह साबित करती है कि देश जिस लक्ष्य का संकल्प लेता है, उसे पूरा करके दिखाता है.
प्रधानमंत्री ने कहा, “पांच वर्ष पहले भारत ने वैश्विक सेमीकंडक्टर हब बनने का संकल्प लिया था. ‘डिजाइन इन इंडिया’ और ‘मेक इन इंडिया’ के विजन के साथ देश लगातार आगे बढ़ा है और आज तीसरे सेमीकंडक्टर प्लांट में व्यावसायिक स्तर पर चिप पैकेजिंग का उत्पादन शुरू होना इस संकल्प के साकार होने का प्रमाण है. वर्ष 2024 में उन्हें इस संयंत्र का शिलान्यास करने का अवसर मिला था. इसके बाद अगस्त 2025 में यहां टेस्टिंग चिप का काम शुरू हुआ और अब इसका विधिवत उद्घाटन हो गया है. शिलान्यास से उत्पादन तक का यह सफर हजारों लोगों की मेहनत, समर्पण और तकनीकी क्षमता का परिणाम है.”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “सीजी सेमी का यह प्लांट भारत, जापान और थाईलैंड के औद्योगिक साझेदारों के साझा प्रयासों का उत्कृष्ट उदाहरण है. यह केवल एक व्यावसायिक परियोजना नहीं, बल्कि तकनीक, विश्वास और वैश्विक साझेदारी का ऐसा मॉडल है, जो भारत की सेमीकंडक्टर यात्रा को नई गति देगा और देश को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में मजबूत स्थान दिलाएगा.”
उन्होंने बताया, “इस संयंत्र से हर वर्ष लगभग 20 करोड़ चिप्स का उत्पादन होने की उम्मीद है. कंपनी जल्द ही इस लक्ष्य को हासिल करेगी. ‘सेमिकॉन इंडिया’ कार्यक्रम अब तेज गति से आगे बढ़ रहा है और भारत चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण के हर क्षेत्र में अपनी क्षमता मजबूत कर रहा है.”
प्रधानमंत्री ने कहा, “भारत में सेमीकंडक्टर उद्योग का विस्तार अचानक नहीं हुआ है, बल्कि यह पिछले एक दशक में आई इलेक्ट्रॉनिक्स क्रांति का अगला चरण है. पहले देश में इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों के निर्माण पर जोर दिया गया, फिर उनके कंपोनेंट्स का उत्पादन बढ़ा और अब सेमीकंडक्टर निर्माण की दिशा में भी भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है. इससे इलेक्ट्रॉनिक्स की पूरी वैल्यू चेन भारत में विकसित होगी, जिससे देश की तकनीकी आत्मनिर्भरता और आर्थिक मजबूती दोनों को नई दिशा मिलेगी.”
पीएम मोदी ने कहा, “विकसित भारत का रोडमैप आधुनिक तकनीक, नवाचार और विनिर्माण क्षमता को बढ़ाने पर आधारित है. ‘मेक इन इंडिया’ का अगला चरण सेमीकंडक्टर उद्योग है, जो आने वाले वर्षों में रोजगार, निवेश, अनुसंधान और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के नए अवसर पैदा करेगा.”
प्रधानमंत्री ने सीजी सेमी की पूरी टीम को उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि भारत जल्द ही वैश्विक सेमीकंडक्टर उद्योग में अग्रणी देशों की कतार में शामिल होगा.
–
एससीएच/एबीएम