प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के पूर्व वन मंत्री मोहन सिंह राठवा के निधन पर शोक व्यक्त किया

नई दिल्ली, 5 जुलाई . प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वयोवृद्ध जनजातीय नेता और गुजरात के पूर्व वन मंत्री मोहन सिंह राठवा के निधन पर शोक व्यक्त किया है. प्रधानमंत्री ने कहा कि गुजरात सरकार के पूर्व मंत्री मोहन सिंह राठवा के निधन की खबर से मुझे गहरा दुख हुआ है.

उन्होंने कहा कि मुझे गुजरात विधानसभा में उनके साथ कई वर्षों तक काम करने का अवसर मिला. आदिवासी समुदाय के सर्वांगीण विकास, जनसेवा और लोगों के कल्याण के प्रति उनके समर्पण और योगदान को हमेशा याद किया जाएगा. मैं प्रार्थना करता हूं कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दें.

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी राठवा के निधन पर दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि मैं गुजरात के पूर्व वन मंत्री मोहन सिंह राठवा के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं. आदिवासी समुदाय के उत्थान के लिए उनके अथक प्रयासों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में उनके अमूल्य योगदान को हमेशा याद किया जाएगा. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार तथा समर्थकों को इस दुख को सहने की शक्ति दें.

वहीं, गुजरात के कैबिनेट मंत्री अर्जुन मोढवाडिया ने दुख प्रकट करते हुए कहा कि गुजरात सरकार के पूर्व मंत्री और आदिवासी समुदाय के लोकप्रिय नेता मोहन सिंह राठवा के निधन की खबर अत्यंत दुखद है.

उन्होंने कहा कि जनसेवा, जन-कल्याण और आदिवासी समुदाय के उत्थान के लिए समर्पित उनका जीवन सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा. गुजरात विधानसभा में उनके साथ काम करने का अवसर मेरे लिए यादगार रहेगा. ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों तथा शुभचिंतकों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें, यही मेरी प्रार्थना है.

गुजरात के पूर्व कैबिनेट मंत्री और 10 बार विधायक रहे मोहन सिंह राठवा का निधन हो गया है. उनका जन्म सन 1944 में हुआ था. वह 1972 से 2022 तक छोटाउदेपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे. जनता पार्टी, जनता दल, इंडियन नेशनल कांग्रेस और उसके बाद भारतीय जनता पार्टी में रहे मोहन सिंह राठवा के निधन से एक युग का अंत हो गया है.

एमएस/