
शिवपुरी, 5 जुलाई मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि राज्य के शिवपुरी में बनी मिसाइलें दुश्मनों पर कहर बरपाएंगी और उनके घर में घुसकर ढेर करेंगी. राज्य के शिवपुरी जिले में 2,500 करोड़ की लागत के अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास करते हुए मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के लिए 5 जुलाई का दिन ऐतिहासिक रहा. अब मध्यप्रदेश देश की रक्षा में बड़ी भूमिका निभाएगा. यहां से बनीं मिसाइलें दुश्मनों के घरों में घुसकर उन्हें ढेर करेंगीं.
शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, अदाणी ग्रुप के युवा नेतृत्व करण अदाणी, जीत अदाणी भी मौजूद थे. मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि आज शिवपुरी से डिफेंस का नया अध्याय शुरू हो रहा है. यहां से जो मिसाइल बनेगी, वो लंबी दूरी तय करके दुश्मन के देश में गिरेगी और भारत का मान-सम्मान बढ़ाएगी. आज हमारा ये सपना भी साकार हो रहा है.
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है. अब यहां रोजगार का नया मौका मिलेगा. इस प्रोजेक्ट से करीब 5 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा. आज माधव नेशनल पार्क पर्यटन का नया केंद्र बना है. कुछ दिनों पहले गुना में सीमेंट फैक्ट्री का उद्घाटन हुआ. इस तरह यह पूरा ग्वालियर-गुना क्षेत्र बदलने वाला है. आज मध्यप्रदेश तेजी से विकास कर रहा है. हर क्षेत्र में विकास हो रहा है. आज आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वर्णिम भविष्य लिखा गया है.
सीएम मोहन यादव ने कहा कि आज यहां अद्भुत समागम हो रहा है. चंबल की ये धरा कई सौ साल से अपनी शक्ति का प्रदर्शन कर रही है. यहां के बांके लड़ाके, सेना के जवान, अफसर, यहां के नागरिक अपनी जान की बाजी लगाकर सीमा पर देश की रक्षा करते हैं. उन्होंने कहा कि चंबल ने जब-जब भी कदम बढ़ाया, तब-तब देशभक्ति का नया गीत गाया है. आज नया इतिहास लिखा गया है. भगवान कृष्ण ने मथुरा में कंस को मारने के बाद मध्यप्रदेश में शिक्षा ग्रहण की लेकिन जब तक वे गुजरात जाकर द्वारिकाधीश नहीं हुए, तब तक आनंद नहीं आया. चाहे महात्मा गांधी का समय हो, सरदार वल्लभ भाई पटेल का समय हो, या नरेंद्र मोदी-अमित शाह का समय हो, गुजरात जो करता है सबसे अलग करता है.
उन्होंने कहा कि सुदामा-कृष्ण की जोड़ी हमारे लिए सबक है. अगर संकट के समय दोस्त आपके पास आए तो आप उसे नहीं भूलना. मित्रता के समय भाव बराबर होना चाहिए, पैसा तो आता-जाता रहेगा. भगवान कृष्ण ने सुदामा को अपने पास 8 महीने रखा, जाते वक्त कुछ हाथ में नहीं दिया. सुदामा की आंखें नीची न हों, इसके लिए पीठ पीछे उनका महल बनवा दिया. उन्होंने कहा कि हम दोनों के गुरु के नाम पर प्रदेश में सांदीपनि विद्यालय बनवा रहे हैं. हमारा सांदीपनि विद्यालय देश का सबसे अच्छा स्कूल है.
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि आज नए इतिहास की इबारत लिखी जा रही है. भगवान शिव संकल्प-शक्ति और विजय के देव हैं. इसलिए भगवान शिव की शिवपुरी में आधार शिला रखी जा रही है. एक नया इतिहास एक नया सवेरा राष्ट्र निर्माण का, एक इतिहास एक नया सवेरा राष्ट्र सेवा का हो रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत बन रहा है. उनके नेतृत्व में भारत का मान बढ़ा है.
उन्होंने कहा कि संकट के समय विश्व की भारत की ओर आशा से देखता है. विकसित भारत-2047 मां भारती का लक्ष्य बन चुका है. शिवपुरी नया सितारा बन कर चमकेगा. अदाणी समूह के युवा नेतृत्व जीत अदाणी ने कहा कि आज खास दिन है. यहां मिशन रेडी मिसाइल बनाई जाएंगी. मध्यप्रदेश सबसे तेजी से विकास कर रहा है. मुख्यमंत्री मोहन यादव की मेहनत का परिणाम है कि यह राज्य प्रगति के पथ पर अग्रसर है. अदाणी समूह राज्य के कई जिलों में निवेश कर रहा है. यह निवेश केवल किसी योजना में नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश की जनता और उसके भविष्य में निवेश है. शिवपुरी में इस योजना से 5 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा.
–
एसएनपी/पीएम