
डलास, 5 जुलाई . क्रिस्टियानो रोनाल्डो की कप्तानी वाली पुर्तगाल की टीम फीफा विश्व कप 2026 में स्पेन के खिलाफ अपना राउंड ऑफ 16 मुकाबला खेलने के लिए डलास पहुंच गई है. स्पेन और पुर्तगाल का बेहद रोमांचक मुकाबला डलास स्टेडियम में मंगलवार को खेला जाना है.
पुर्तगाली फुटबॉल एसोसिएशन ने इंस्टाग्राम पर टीम के पहुंचने का एक वीडियो शेयर किया है. वीडियो में क्रू मेंबर खिलाड़ियों के साथ फोटो ले रहे हैं. कई फैंस एयरपोर्ट पर भी पहुंचे, और टीम के आइकॉन रोनाल्डो के नाम के नारे लगाते हुए टीम का स्वागत किया.
पुर्तगाल ने क्रोएशिया को एक रोमांचक मुकाबले में 2-1 से हराकर राउंड ऑफ 16 में अपनी जगह पक्की की थी. वहीं, स्पेन ने ऑस्ट्रिया को 3-1 से हराकर राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई है.
फुटबॉल की दुनिया में स्पेन और पुर्तगाल के बीच हमेशा से एक जोरदार प्रतिस्पर्धा देखने को मिलती रही है. स्पेन ने 2010 का फीफा विश्व कप जीता था. स्पेन ने 2010 फीफा वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ 16 में पुर्तगाल को 1-0 से हराया था. 2018 एडिशन में दोनों टीमों के बीच का ग्रुप स्टेज का मुकाबला 3-3 से ड्रॉ रहा था. रोनाल्डो ने इस मैच में हैट्रिक गोल लगाया था.
दोनों देशों के बीच अब तक कुल 41 मैच हुए हैं. स्पेन और पुर्तगाल 12-12 बार विजयी रहे हैं. 12 मैच ड्रॉ रहे हैं.
पुर्तगाल और स्पेन के बीच होने वाले मैच में 41 साल के रोनाल्डो और 18 साल के लामिन यामल के प्रदर्शन पर नजर रहेगी. पुर्तगाल के रोनाल्डो का संभवतः यह आखिरी विश्व कप है. वह अपनी टीम को पहला विश्व कप दिलाने के लिए अपनी पूरी ताकत लगाने को तैयार हैं. रोनाल्डो इस संस्करण में अब तक तीन गोल कर चुके हैं. यामल को स्पेन फुटबॉल टीम और इस खेल के भविष्य के सुपरस्टार के रूप में देखा जाता है. अपना पहला विश्व कप खेल रहे इस खिलाड़ी ने राउंड ऑफ 32 में अपना पहला विश्व कप गोल किया था.
–
पीएके