
पटना, 5 जुलाई . राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख पशुपति कुमार पारस ने दिवंगत नेता राम विलास पासवान की 80वीं जयंती पर उन्हें याद करते हुए भारत रत्न देने की मांग उठाई. इस दौरान उन्होंने उनके सामाजिक और राजनीतिक योगदान का जिक्र किया, जबकि पार्टी नेताओं ने आगामी चुनाव और संगठन के विस्तार को लेकर भी अपनी रणनीति साझा की.
पशुपति कुमार पारस ने कहा कि हम तीन भाई थे – राम विलास पासवान सबसे बड़े थे और मैं दूसरे नंबर पर हूं. यह मेरा दुर्भाग्य है कि मेरे बड़े और छोटे, दोनों भाई मुझे अकेला छोड़ गए. राम विलास पासवान की जयंती खुशी और दुख, दोनों का दिन है.”
उन्होंने कहा कि राम विलास पासवान ने अपने 50 साल के राजनीतिक जीवन में जनता के लिए जो काम किए, इसकी वजह से आज पूरे देश में लोग उन्हें एक अच्छे नेता के तौर पर जानते हैं. पिछड़े समाज के लोगों के लिए वह छात्र जीवन से ही काम करते रहे.
पशुपति कुमार पारस ने सरकार से भारत रत्न देने की मांग की और कहा कि मैं बिहार सरकार और केंद्र सरकार से पार्टी की ओर से मांग करता हूँ कि उन्होंने पिछड़े समाज के लोगों के लिए जो काम किया, उसके लिए उन्हें भारत रत्न दिया जाना चाहिए. इतना ही नहीं, पटना के एक चौराहे पर उनकी प्रतिमा भी स्थापित की जानी चाहिए.
इस दौरान पार्टी के तमाम नेता मौजूद थे. प्रिंस राज ने भी इस दौरान राम विलास पासवान को नमन किया और कहा कि आने वाला चुनाव हम लोग लड़ने वाले हैं. पार्टी ने चुनाव लड़ने का फैसला किया है.
राम विलास पासवान की जयंती पर दिल्ली से पटना और लखनऊ तक तमाम कार्यक्रम आयोजित किए गए. राम विलास पासवान के बेटे और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उन्होंने बड़ी संख्या में एकत्रित पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया.
इतना ही नहीं, नई दिल्ली में भी चिराग पासवान की पार्टी के दफ्तर पर राम विलास पासवान का जन्मदिन मनाया गया.
चिराग पासवान ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने आज पहली बार पद्म भूषण स्व. रामविलास पासवान की जयंती बिहार से बाहर उत्तर प्रदेश की धरती पर मनाकर एक नए संकल्प का आगाज किया है. यह केवल एक जयंती समारोह नहीं, बल्कि उनके सामाजिक न्याय, समानता और जनसेवा के विचारों को देश के कोने-कोने तक पहुंचाने का संकल्प है.
पार्टी की ओर से कहा गया कि उत्तर प्रदेश न सिर्फ बिहार का पड़ोसी राज्य है, बल्कि चिराग पासवान के हृदय के भी बेहद करीब है. इसी भावना के साथ पार्टी उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करते हुए रामविलास पासवान के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर आगे बढ़ रही है.
–
एएमटी/वीसी