‘सीएम योगी की ईमानदारी पर शक न करें’, राम मंदिर मामले पर बाबूलाल मरांडी का बयान

देवघर, 6 जुलाई . राम मंदिर चंदा विवाद पर राजनीतिक बयानबाजी जारी है. सरकार पर विपक्ष हमलावर है. इस बीच झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ईमानदारी पर किसी को शक नहीं करना चाहिए, उन्होंने मामले को गंभीरता से लिया है.

से बातचीत के दौरान बाबूलाल मरांडी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री हैं. उन्होंने अयोध्या जाकर कहा कि कोई भी दोषी नहीं बचेगा. एसआईटी का गठन भी कर दिया गया है. सबको उन पर भरोसा है. मुख्यमंत्री योगी पर सबको भरोसा करना चाहिए.

झारखंड की राजनीति पर उन्होंने कहा कि पिछले छह सालों से राज्य की राजनीति में कोई बदलाव नहीं है. हेमंत सोरेन सरकार में लूट हो रही है और यह लूट बढ़ती जा रही है. कोयला, बालू और जमीन की लूट चल रही है. समझ ही नहीं आता कि झारखंड में हेमंत सोरेन की सरकार है या माफियाओं की सरकार.

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि साढ़े छह साल में सरकार बालू घाटों की नीलामी तक नहीं करवा सकी है. खनन जारी है और पैसा हेमंत सोरेन के पास जा रहा है. यही हाल पत्थर खदानों का भी है. राज्य में लूट मची हुई है.

उन्होंने जमशेदपुर की घटना को लेकर कहा कि अपराधियों ने पुलिस की गाड़ी से निकालकर उन्हीं के सामने एक शख्स की हत्या कर दी. इस मामले में पुलिस पर ही एफआईआर होनी चाहिए. आज वही पुलिस जांच कर रही है. उस पुलिस से क्या उम्मीद की जा सकती है. जमशेदपुर में पुलिस के सामने हत्या हुई और उन पुलिसकर्मियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई. मामले की सीबीआई जांच की जानी चाहिए.

इससे पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुबर दास ने झारखंड सरकार पर तीखा हमला बोला था. उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था की बदहाली और निवेश की संभावनाओं पर गंभीर सवाल उठाए. इसके साथ ही राजनीतिक अस्थिरता और नीतिगत दिशा की कमी का आरोप लगाया.

उन्होंने कहा, “यहां मंत्री और अधिकारी आपस में लड़ रहे हैं. डबल इंजन वाली सरकार में कानून-व्यवस्था की स्थिति मजबूत थी. त्वरित कार्रवाई होती थी. इस सरकार में न तो नीति है और न ही नियत. झारखंड की वर्तमान सरकार गरीब जनता के पैसों पर मौज-मस्ती कर रही है.”

एएमटी/एबीएम