
भोपाल, 7 जुलाई . मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राजनीति नहीं बल्कि धर्म रक्षा के लिए काम करने का ऐलान किया है. दिग्विजय सिंह उज्जैन से अयोध्या तक की पद यात्रा करने वाले हैं, यह घोषणा उन्होंने पिछले दिनों की थी. अब उन्होंने कहा कि वे राजनीति नहीं, बल्कि धर्म की रक्षा के लिए काम करेंगे.
दिग्विजय सिंह ने कहा कि वह 80 साल के हो गए हैं, पार्टी ने उन्हें पांच बार विधायक बनाया, दो बार लोकसभा में भेजा और दो बार राज्यसभा में. इस बार उन्होंने पार्टी से कह दिया था कि और किसी को जगह दें. पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी बात को स्पष्ट करते हुए कहा कि उनकी यह यात्रा धर्म रक्षा के लिए होगी, धर्म रक्षा के लिए काम करेंगे, वह कोई राजनीति नहीं करेंगे. वह किसी तरह का राजनीतिक बयान नहीं देंगे, अपने सोशल मीडिया पर भी कोई राजनीतिक प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं करेंगे.
जब दिग्विजय सिंह से पूछा गया कि क्या वे किसी नेता को अपनी उज्जैन से अयोध्या तक की यात्रा में आमंत्रित करेंगे, तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह किसी को आमंत्रित नहीं करेंगे. हां, अयोध्या के कार सेवक संतोष दुबे को जरूर आमंत्रित करेंगे, जिन्हें चार गोलियां लगी थीं. वह मेरे मुख्य अतिथि होंगे.
दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह दशहरे के मौके पर उज्जैन से अयोध्या तक की यात्रा करने वाले हैं. वह दावा यही कर रहे हैं कि उनकी यह यात्रा पूरी तरह अराजनीतिक होगी.
–
एसएनपी/डीकेपी