
मेलबर्न, 7 जुलाई . ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जा रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए मेलबर्न में भारतीय समुदाय में जबरदस्त उत्साह है. 8 से 10 जुलाई तक होने वाली इस यात्रा के दौरान ‘मार्वल स्टेडियम’ में भव्य सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित होगा, जहां बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय जुटेंगे.
इस दौरान नौकरी और पढ़ाई के लिए ऑस्ट्रेलिया में रहने वाली भारतीय मूल की लड़कियों ने समाचार एजेंसी से बातचीत करते हुए बताया कि किस तरह से प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारी की हुई है.
दस साल से आस्ट्रेलिया में रहने वाली छात्रा इशिता ने बताया कि वह यहां रहकर पढ़ाई कर रही है. उन्होंने बताया कि अभी मैं यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रही हूं, लेकिन मुझे डांस करना बहुत पसंद है. आप कह सकते हैं कि डांस मेरा टैलेंट है. इसी से मेरा जुड़ाव है.
हम राजस्थान के कल्चर को दिखा रहे हैं. खासतौर पर हम राजस्थान के मारवाड़ी पक्ष को पेश कर रहे हैं. इसमें हम मटके, बारात और कई तरह के डांस स्टेप्स शामिल कर रहे हैं. हम बहुत उत्साहित हैं. स्टेज पर जाने से पहले थोड़ी बहुत घबराहट तो है, लेकिन हम अपनी पूरी कोशिश करेंगे और अच्छा प्रदर्शन करेंगे.
हम पीएम मोदी से मिलने के लिए बहुत उत्साहित हैं. हमने उन्हें अब तक सिर्फ टीवी पर देखा है. अगर उनसे मिलने का मौका मिलता है तो यह हमारे लिए बहुत खास होगा. मैं उनसे पूछना चाहूंगी कि उन्हें मेलबर्न कैसा लगा, उनका सफर कैसा रहा और यहां आकर उन्हें किस चीज को लेकर सबसे ज्यादा उत्साह है.
वहीं, छात्रा खुशी ने बताया कि वह यहां 2007 से रहकर पढ़ाई के साथ-साथ पार्ट टाइम जॉब भी करती हैं. भारत गए तीन साल हो गए हैं. हम पीएम मोदी से मिलने के लिए बहुत उत्साहित हैं. मैंने उन्हें सिर्फ टीवी पर ही देखा है, लेकिन उम्मीद है कि शायद हमें उनसे मिलने का मौका मिल जाए. उनके स्वागत में हम जो परफॉर्मेंस करेंगे, वो राजस्थानी फोक स्टाइल है. हम चार अलग-अलग गानों पर परफॉर्म कर रहे हैं, जिनकी एनर्जी भी अलग-अलग है. हमारे डांस का मुख्य उद्देश्य यह दिखाना है कि हमारे डांस स्टेप्स में कितनी खूबसूरती, नजाकत और शालीनता है, साथ ही राजस्थान की शाही विरासत को भी पेश करना है.
वहीं, दीप्ति शुक्ला ने कहा कि अगले साल मुझे यहां रहते हुए 10 साल पूरे हो जाएंगे. मैं यहां डांस सिखाती हूं. मैं भारतीय संस्कृति और भारतीय कलाओं को बढ़ावा देती हूं. मैं भरतनाट्यम और कई दूसरी कला विधाएं सिखाती हूं. मैं पीएम मोदी के स्वागत कार्यक्रम का हिस्सा बन रही हूं. मैं खुद को बहुत खुशकिस्मत महसूस कर रही हूं कि मुझे यह जिम्मेदारी मिली है. मुझे इस बात पर गर्व भी है.
दीप्ति ने कहा कि मुझे अभी तक पीएम से मिलने का मौका नहीं मिला है. मैं बहुत खुशकिस्मत हूं कि इस बार मुझे मेलबर्न में प्रधानमंत्री मोदी को देखने का मौका मिलेगा.
इस कार्यक्रम में कई तरह की प्रस्तुतियां होंगी. मेरी टीम की तरफ से हम राजस्थान को प्रस्तुत कर रहे हैं. हम अपनी पूरी कोशिश करेंगे कि राजस्थान की खूबसूरती और उसकी संस्कृति का अच्छा रूप लोगों के सामने आ सके. इसके अलावा अलग-अलग ग्रुप भी अपनी-अपनी संस्कृति को पेश करेंगे. आप देखेंगे कि असम, कश्मीर, गुजरात, केरल, कर्नाटक और भारत के अलग-अलग हिस्सों के लोग इसमें शामिल हो रहे हैं. मेलबर्न में रहने वाले सभी भारतीय एक साथ आ रहे हैं और हम अपने प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
वहीं, अनुश्री ने बताया कि मैं मेलबर्न के बालविन नॉर्थ में रहती हूं. मैं 2018 से यहां रह रही हूं. मैं एएनजेड बैंक में काम करती हूं, जहां मैं रिस्क मैनेजर हूं. मुझे लगता है कि यह हम सभी के लिए गर्व का पल है. यहां मौजूद हर व्यक्ति की यही भावना होगी कि हमें बहुत गर्व महसूस हो रहा है. इसके साथ ही हम खुद को बहुत भाग्यशाली भी मान रहे हैं, क्योंकि ऐसा मौका बार-बार नहीं मिलता. हमें अपने प्रधानमंत्री के सामने परफॉर्म करने का अवसर मिल रहा है.
–
एवाई/डीकेपी