
नई दिल्ली, 8 जुलाई . पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की पुण्यतिथि पर देशभर के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता समेत और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल समेत कई नेताओं ने उनके सादगीपूर्ण जीवन, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण और राष्ट्रहित में दिए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “जननायक, पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि. सड़क से लेकर सदन तक वे उपेक्षितों, पीड़ितों और वंचितों की आवाज बने रहे. उनकी सादगी, वैचारिक दृढ़ता और समाज के अंतिम व्यक्ति के प्रति संवेदनशीलता देश के लोकतंत्र को आज भी राह दिखाती है.”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर को श्रद्धांजलि देते हुए पोस्ट किया, “सादगी, साहस और सिद्धांतनिष्ठ राजनीति के लिए उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा. राष्ट्रहित के प्रति उनका समर्पण भावी पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा.”
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी. भजनलाल शर्मा ने लिखा, “उनका सादगीपूर्ण जीवन, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण और राष्ट्रहित के प्रति अटूट प्रतिबद्धता हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है.”
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं.”
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने पोस्ट किया, “लोकप्रिय जननेता और ओजस्वी वक्ता व भारत के पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की पुण्यतिथि पर सादर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. लोकतांत्रिक मूल्यों, शोषितों एवं वंचितों के समग्र उत्थान के लिए आपके प्रखर विचार व कृतित्व सदैव स्मरणीय रहेंगे.”
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लिखा, “महान नेता और पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की पुण्यतिथि पर कोटि-कोटि नमन. राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जनसेवा के लिए उनका समर्पण और संघर्ष भारतीय राजनीति में सदैव स्मरणीय रहेगा.”
–
डीसीएच/