पीएम मोदी की उपस्थिति में प्रम्बानन मंदिर में हुआ ‘ओम नमः शिवाय’ का जाप

योग्यकार्ता (इंडोनेशिया), 8 जुलाई . भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में प्रम्बानन मंदिर का प्रांगण ‘ओम नमः शिवाय’ के मंत्र से गुंजायमान हो गया. इंडोनेशिया के योग्यकार्ता स्थित 9वीं सदी के प्रम्बानन मंदिर में ‘ओम नमः शिवाय’ के दिव्य मंत्रोच्चार गूंजे.

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 28 सेकंड की वीडियो क्लिप साझा करते हुए लिखा, “इंडोनेशिया के प्रम्बानन मंदिर में ॐ नमः शिवाय!”

इस क्लिप में अच्छी खासी संख्या में भक्तगण परिसर में जमीन पर बैठ, आंखें बंद कर, हाथ जोड़ दिव्य मंत्रोच्चार करते सुने जा सकते हैं. घंटे की ध्वनि भी सुनाई दे रही है. गेरुए रंग के परिधान में पीएम मोदी भी हाथ जोड़े खड़े हैं.

तीन दिवसीय इंडोनेशिया यात्रा के तीसरे और आखिरी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो योग्याकार्ता स्थित प्रम्बानन मंदिर पहुंचे.

इस दौरान दोनों नेताओं ने मंदिर परिसर का अवलोकन किया और प्रधानमंत्री मोदी ने मंदिर के इतिहास एवं महत्व की जानकारी ली. इसके बाद पीएम ने मंदिर में पूजा-अर्चना की. मंदिर के पुजारियों ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई और उन्हें आशीर्वाद दिया.

मंदिर पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर प्रम्बानन मंदिर का एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, “राजसी प्रम्बानन मंदिर!”

प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो के साथ अपनी एक तस्वीर भी साझा की और लिखा, “राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो के साथ योग्याकार्ता से प्रम्बानन मंदिर जाते हुए.”

प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को इंडोनेशियाई संसद को संबोधित करते हुए कहा था कि वह राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो के साथ योग्याकार्ता स्थित प्रम्बानन मंदिर जाएंगे. यह इंडोनेशिया का सबसे बड़ा हिंदू मंदिर परिसर है और यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है.

दौरे के दौरान दोनों नेताओं ने प्रम्बानन मंदिर के संरक्षण और पुनर्स्थापन (रिस्टोरेशन) परियोजना का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया. इसे दोनों देशों की साझा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक माना जा रहा है.

केआर/