
पटना, 8 जुलाई . बिहार सरकार में मंत्री संतोष कुमार सुमन ने राम मंदिर चंदा चोरी विवाद, चंपत राय का इस्तीफा और उनके पत्र पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि राम मंदिर में चंदा चोरी होना, पूरे देश के लिए शर्म की बात है. करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़े सनातन धर्म के प्रति यह घटना अत्यंत निंदनीय है.
पटना में से बात करते हुए मंत्री सुमन ने कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. हमारी आस्था से जुड़े स्थानों पर इस तरह की घटनाएं दोबारा नहीं होनी चाहिए. सामाजिक संगठनों और सरकार को एकजुट होकर दोषियों को कठोर से कठोर दंड देना चाहिए, ताकि भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति न हो.”
पूर्व महासचिव चंपत राय के इस्तीफे और जांच पर सुमन ने कहा कि जब वे महासचिव थे, तब ही यह घटना हुई थी, इसलिए उन्होंने इस्तीफा दे दिया. जांच चल रही है. जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि आरोपों और बचाव दोनों की जांच की जाएगी और उसके निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्यवाही होगी.
सीएम योगी आदित्यनाथ के विपक्षी नेताओं पर दिए बयान का मंत्री ने समर्थन दिया. उन्होंने कहा कि कुछ लोग खुद को सनातनी बताते हैं, लेकिन अयोध्या के मुद्दे पर दोहरे मापदंड अपनाते हैं.
उन्होंने अखिलेश सिंह का नाम लेते हुए कहा, “आप खुद को सनातनी कहते हैं, लेकिन आस्था पर टिप्पणी करते हैं. जब अपनी तरफ घटना होती है तो चुप रह जाते हैं और दूसरी तरफ इसे देश-दुनिया में फैलाने का काम करते हैं. यह सनातन की छवि धूमिल करने का प्रयास है. वे लालच और सत्ता की वजह से इस तरह के बयान देते हैं.”
कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के पास अब बोलने के लिए पुरानी यादों के अलावा कुछ नहीं बचा है. कांग्रेस के युवराज भी नहीं चल रहे हैं. बिहार में इनका सूपड़ा साफ हो गया.
उन्होंने कहा कि नेहरू की नीतियों के कारण देश को 370 जैसे मुद्दों का सामना करना पड़ा, जबकि प्रधानमंत्री मोदी विश्व स्तर पर भारत की गरिमा और प्रतिष्ठा बढ़ा रहे हैं. अखंड भारत का सपना भी साकार होगा.
उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में पूर्व सीएम नीतीश कुमार की ओर से शुरू किए गए ‘सात निश्चय’ के लक्ष्यों पर काम तेजी से चल रहा है. रोजगार, शांति, भ्रष्टाचार मुक्ति और निवेश आकर्षण सरकार की प्राथमिकताएं हैं. आने वाले दो वर्षों में उद्योगों के आगमन और रोजगार सृजन से बिहार में सकारात्मक बदलाव दिखेगा.
संतोष सुमन ने बंगाल में हुए एनकाउंटर पर कहा कि बंगाल की घटना मानवता के लिए शर्मसार करने वाली है. बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े कानून और सख्त प्रशासन की जरूरत है. उन्होंने कहा कि अपराधियों में डर पैदा करने के लिए सख्त कार्रवाई आवश्यक है. मैं पुलिस द्वारा किए गए एनकाउंटर का भी समर्थन करता हूं.
–
डीकेएम/एबीएम