श्रीराम को काल्पनिक कहने वाली कांग्रेस को सवाल पूछने का हक नहीं: मदन राठौड़

जयपुर, 8 जुलाई . राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने श्रीराम मंदिर चंदा चोरी विवाद में कांग्रेस नेताओं द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार किया. उन्होंने कहा कि जो कल तक श्रीराम को काल्पनिक कहते थे, जो चाहते नहीं थे कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो, वे अब कैसे सवाल पूछ सकते हैं. जहां तक साक्ष्य की बात है तो ट्रस्ट ने मीडिया के सामने सारी चीजें रखी हैं जो कि बिल्कुल सुरक्षित है.

जयपुर में बुधवार को भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रताप नगर में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के अलावा सांसद अलका गुर्जर भी शामिल हुईं.

इस दौरान सभी भाजपा कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रनिर्माण, राष्ट्रीय एकता और अखंड भारत के प्रति उनके अमूल्य योगदान का स्मरण करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संकल्प दोहराया.

दूसरी ओर मीडिया से बातचीत के दौरान राजस्थान भाजपा चीफ ने कहा कि आज का कार्यक्रम युवा पीढ़ी में देशभक्ति का माहौल बनाने के लिए है. यही वह पीढ़ी है, जिसके कंधों पर भारत का भविष्य टिका है. इन बच्चों में भी वे संस्कार होने चाहिए, जिनकी देश उम्मीद करता है.

उन्होंने कांग्रेस और उनकी छात्र विंग पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के राज में बच्चों के भविष्य को बर्बाद किया गया. बार-बार पेपर लीक होते थे. हमारी सरकार में कोई पेपर लीक नहीं हुआ, नीट पेपर लीक का राजस्थान से कोई लेना-देना नहीं है. इसे हमारे बच्चे भी समझ रहे हैं.

यूसीसी को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एक देश में एक कानून होता है तो किसी को दिक्कत नहीं होनी चाहिए. मुझे समझ में नहीं आता है कि इससे दिक्कत क्यों होगी. जो कानून मेरे उपर लागू है तो वे दूसरे पर भी लागू होगा. हम लोग सर्व समाज का सुझाव ले रहे हैं.

दूसरी ओर, भाजपा सांसद अलका गुर्जर ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि तुष्टीकरण, वर्ग-भेद और वोट बैंक की राजनीति करने वाले उन सभी मुद्दों से परेशान रहते हैं जो समाज को जोड़ते हैं और देश को आगे ले जाते हैं. वे अब तक प्रोपेगेंडा ही करते रहे हैं, इसलिए वे वही भाषा और वही राजनीति समझते हैं.

उन्होंने कहा कि विकास के साथ मोदी सरकार आगे बढ़ रही है. विदेशों में भारतीय संस्कृति को स्वीकार किया जा रहा है. विपक्ष इन मुद्दों से ध्यान भटकाकर ऐसी हरकतें करके आम लोगों को उकसाने की कोशिश कर रहा है. जनता भी उनके बारे में जानती है, उन्हें समझती है और उन्हें नकार चुकी है.

डीकेएम/एबीएम