
मुंबई, 9 जुलाई . महाराष्ट्र के लातूर जिले में गुरुवार तड़के भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए. लातूर शहर और निलंगा इलाके के लोगों ने हल्की कंपन महसूस होने की जानकारी दी. हालांकि राहत की बात यह है कि जिला प्रशासन के अनुसार अब तक कहीं से भी जान-माल के नुकसान या किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं मिली है.
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें. साथ ही, भूकंप महसूस होने पर तुरंत घरों से बाहर निकलकर खुले स्थान पर जाने की सलाह दी गई है.
जिला आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार, बुधवार-गुरुवार देर रात हिंगोली, नांदेड़ और परभणी जिलों में भी भूकंप के झटके दर्ज किए गए. पहला झटका रात 1:37 बजे, दूसरा 2:15 बजे और तीसरा 2:17 बजे महसूस किया गया.
आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक, इन झटकों की तीव्रता रिक्टर स्केल पर क्रमशः 4.6, 3.6 और 3.9 दर्ज की गई. भूकंप का केंद्र हिंगोली जिले के वासमत तालुका के शिरली गांव में था.
प्रशासन ने बताया कि शुरुआती जांच में कहीं से भी जनहानि या संपत्ति के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है.
भूकंप के झटके आधी रात को आए, इसलिए उस समय अधिकांश लोग गहरी नींद में थे. लगातार दो झटके महसूस होने के कारण लोगों में कुछ देर के लिए चिंता का माहौल बन गया. प्रशासन ने कहा है कि सुबह तक और झटके आने की संभावना से पूरी तरह इनकार नहीं किया जा सकता. साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि भूकंप की पहले से सटीक भविष्यवाणी संभव नहीं होती, इसलिए लोगों को घबराने के बजाय सतर्क रहने की जरूरत है.
जिला कलेक्टर राहुल कार्डिले ने नागरिकों से अपील की है कि यदि दोबारा भूकंप के झटके महसूस हों तो तुरंत घरों से बाहर निकलकर खुले स्थान पर पहुंचें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें. साथ ही अफवाहों से बचें और किसी भी आपात स्थिति में आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें.
–
वीकेयू/पीएम