ग्रेटर नोएडा: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने तीन पैदल राहगीरों को कुचला, रोपाई करने आए तीन युवकों की दर्दनाक मौत

ग्रेटर नोएडा, 9 जुलाई . ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई. हादसा बुधवार देर रात जेवर-खुर्जा मार्ग पर नीमका गांव के सामने हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे पैदल जा रहे तीन राहगीरों को जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान करन (22 वर्ष) पुत्र मिथलेश, विश्वजीत (24 वर्ष) पुत्र सतीश और मिथुन (25 वर्ष) के रूप में हुई है. तीनों बिहार के अररिया जिले के निवासी थे और धान की रोपाई का कार्य करने के लिए जेवर क्षेत्र में आए हुए थे.

बताया जा रहा है कि तीनों युवक सड़क किनारे पैदल जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी. घटना के बाद जेवर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना में शामिल वाहन स्कॉर्पियो थी. पुलिस ने वाहन चालक की पहचान भी कर ली है.

मृतकों के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है. मामले की जांच के दौरान पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि दुर्घटना के समय की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सके.

पुलिस का कहना है कि फरार चालक की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. आरोपी चालक की गिरफ्तारी के साथ ही दुर्घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो को भी बरामद करने के प्रयास जारी हैं.

पीकेटी/पीएम