दिल्ली में लगातार हो रही बारिश से परेशानियां बढ़ीं, कहीं गिरे पेड़ तो कहीं भरा पानी

नई दिल्ली, 9 जुलाई . दिल्ली में भारी बारिश के बीच रोहिणी सेक्टर-16 में निर्माणाधीन इमारत गिरने की वजह से तीन लोगों की मौत हो गई है. एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा, “मुझे खबर मिली कि इमारत ढह गई है. मालिक की मौत हो गई थी और कुछ मजदूरों की भी जान चली गई थी. हादसे के बाद मलबे की ऊंचाई एक तरफ लगभग 8 फीट, दूसरी तरफ 14 फीट और तीसरी तरफ लगभग 12 फीट थी.”

इधर भारी बारिश की वजह से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं. गड्ढे पानी से लबालब हो गए हैं और जगह-जगह जाम लग गया. एक स्थानीय निवासी ने से कहा, “जैसे ही हम घर से निकलते हैं, परेशानियां शुरू हो जाती हैं. हर गली, चौराहे और सड़क पर पानी भरा हुआ है. पानी से भरी सड़कों पर गाड़ियां फिसल रही हैं, जिससे आना-जाना बहुत मुश्किल और असुरक्षित हो गया है.”

दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश में इस्कॉन मंदिर के पास मुख्य सड़क पर लगातार बारिश के बीच एक पेड़ गिर गया. एक स्थानीय निवासी ने कहा कि पेड़ सुबह करीब 3 से 3:30 बजे के बीच गिरा. अधिकारी सुबह देर से पहुंचे. अब पेड़ को काटने और हटाने का काम शुरू हो गया है. रास्ते में रुकावट के कारण सड़क के दोनों ओर भारी ट्रैफिक जाम है.

दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में जोरदार बारिश हो रही है. वहीं, गोविंदपुरी इलाके में बारिश के दौरान गुरु रविदास मार्ग पर एक पेड़ गिर गया. लगातार बारिश के कारण ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट हॉस्पिटल के बाहर एक बड़ा पेड़ गिर गया. भारी बारिश के बाद विकास मार्ग पर जलभराव की सूचना मिली है.

महरौली-बदरपुर रोड और संगम विहार में शनि बाजार रोड पर जल-जमाव हो गया है. बीती रात से लगातार हो रही बारिश के कारण यमुना के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है.

एसडी/वीसी