‘मजबूत और सुरक्षित भारत बनाने में अहम भूमिका निभा रहे राजनाथ’, जन्मदिन पर पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली, 10 जुलाई . रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी हैं. सभी ने रक्षा मंत्री के लंबे जीवन और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. वे भारत को मजबूत, सुरक्षित और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं. शासन-प्रशासन से जुड़े विभिन्न विषयों पर उनकी गहरी समझ भी अत्यंत प्रशंसनीय है. मैं उनके दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं.”

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘केंद्रीय कैबिनेट में मेरे साथी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की प्रार्थना करता हूं.”

केंद्रीय आवास व शहरी मामले और विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने पोस्ट किया, “भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य और लोकप्रिय जननेता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं. प्रभु श्रीराम से आपके उत्तम स्वास्थ्य और सुयशपूर्ण जीवन की प्रार्थना करता हूं.”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा, “प्रखर वक्ता और जनप्रिय राजनेता रक्षा मंत्री को जन्मदिन की हार्दिक बधाई. आपका सरल व्यक्तित्व, विनम्र व्यवहार और राष्ट्रहित के प्रति अटूट समर्पण करोड़ों देश वासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है. प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना है.”

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा, “राष्ट्र की सुरक्षा, सामर्थ्य और गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में आपका नेतृत्व सदैव प्रेरणादायी रहा है. आप इसी समर्पण के साथ देश की सेवा करते रहें, यही शुभेच्छा है. प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य, सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की कामना करता हूं.”

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को जन्मदिन की बधाई दी. उन्होंने रक्षा मंत्री के श्रेष्ठ स्वास्थ्य और कीर्तिमय जीवन के लिए भगवान श्रीकृष्ण से कामना की.

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी राजनाथ सिंह को जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने पोस्ट किया, “आपकी (रक्षा मंत्री) दूरदर्शी सोच और संकल्प से भारत का रक्षा क्षेत्र आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर सशक्त हो रहा है. स्वदेशी रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देने और सैन्य आधुनिकीकरण को गति देने में आपका योगदान राष्ट्र के लिए अमूल्य है. राजनीति में आपकी शालीनता, सादगी और राष्ट्र-प्रथम की भावना हम सभी का निरंतर मार्गदर्शन करती है. प्रभु श्रीराम से आपके उत्तम स्वास्थ्य और सुदीर्घ जीवन की मंगलकामना करती हूं.”

डीसीएच/