
पटना, 10 जुलाई . जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधायक और पूर्व मंत्री श्याम रजक ने बिहार में एनडीए की बैठक पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए का गठबंधन ‘पांडवों’ की एकता के जैसा है. इस दौरान, श्याम रजक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘विश्व शांतिदूत’ बताया.
प्रधानमंत्री मोदी के विदेश दौरों पर श्याम रजक ने से बात करते हुए कहा, “अगर मौजूदा सदी में किसी को विश्व शांति का दूत कहा जा सकता है, तो वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं. उन्होंने शांति का संदेश फैलाने के लिए दुनिया भर की यात्रा की है. भारत हमेशा शांति के पक्ष में रहा है और उन्होंने उसी भावना के साथ काम किया है. वे भारत के व्यापार और आर्थिक संबंधों को बढ़ाने के लिए भी काम कर रहे हैं. इसका परिणाम है कि भारत आज आर्थिक, सामाजिक और वैज्ञानिक क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है.”
एनडीए की बैठक पर उन्होंने कहा, “बिहार में एनडीए के पांच दलों का गठबंधन है. ‘पांडवों’ की तरह गठबंधन में एकजुटता है. ऐसा कई बार दिखाने और एहसास कराने का काम हुआ है. पिछले दिन बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन की सभा में एनडीए के तमाम नेताओं ने एकजुटता का संदेश दिया.”
श्याम रजक ने कहा कि बैठक का मकसद साफ है कि हमारे जिला अध्यक्षों से जिलों के बारे में फीडबैक लिया जाएगा और वे उस फीडबैक से अवगत कराएंगे. उन्होंने कहा, “एनडीए को कैसे मजबूत किया जाए और जिला स्तर पर समन्वय कैसे बने, इन सभी विषयों का मूल्यांकन होगा. उस बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, हमारे नेता जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व अन्य घटक दलों के नेता भी उपस्थित रहेंगे.”
इसके साथ ही, जदयू विधायक ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की ‘जो सनातन है, वही समाजवाद है’ टिप्पणी पर जवाब दिया. उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव समाजवाद की परिभाषा किस तरह से देखते हैं, मुझे नहीं मालूम है. लेकिन सनातन भी वही है और समाजवाद भी वही है. समाजवाद का मतलब क्या? सबकी उन्नति, सबके बीच एक समानता से देखा जाए और सनातन भी यही कहता है कि सबको एक साथ रहने का काम करें, ‘एकता में ही वृद्धि है,’ तो अखिलेश यादव ने कोई गलत नहीं कहा है.”
–
डीसीएच/