झारखंड के खूंटी में देवर-भाभी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

खूंटी, 10 जुलाई . झारखंड के खूंटी जिले में कथित प्रेम प्रसंग का दुखद अंत सामने आया है. मारंगहादा थाना क्षेत्र के तिलमा गांव में देवर और भाभी ने एक ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है.

मृतकों की पहचान 28 वर्षीय सागर पाहन और 32 वर्षीय टंदाय टूटी के रूप में हुई है. दोनों के शव गुरुवार सुबह घर के अंदर फंदे से लटके मिले. सूचना मिलने पर मारंगहादा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया. स्थानीय लोगों के अनुसार सागर पाहन और टंदाय टूटी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध होने की चर्चा थी. टंदाय का पति नोगा पाहन 19 जून को मजदूरी के लिए दूसरे राज्य चला गया था. उसके बाद सागर का महिला के घर आना-जाना बढ़ गया था.

ग्रामीणों का कहना है कि दोनों हमेशा साथ रहते थे. बताया जा रहा है कि जब इस संबंध की जानकारी नोगा पाहन को मिली तो उन्होंने पत्नी से फोन पर बात की और घर लौटने की सूचना दी. इसी बीच बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात दोनों ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. गुरुवार सुबह एक ऑटो चालक किसी काम से महिला के घर पहुंचा तो उसने दोनों के शव फंदे से लटकते देखे.

इसके बाद ग्रामीणों को सूचना दी गई. ग्रामसभा की सूचना पर पुलिस को बुलाया गया. इस घटना से परिवार पर गहरा असर पड़ा है. टंदाय टूटी अपने पीछे 11 वर्षीय बेटी और चार वर्षीय बेटे को छोड़ गई हैं. पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

एसएनसी/एएस